February 11, 2026

तीन दिवसीय रबीन्द्र संगीत सम्मेलन की शुरुआत, कलाकारों ने जीता दिल

IMG-20260110-WA0003

जमशेदपुर : वार्षिक रबीन्द्र संगीत सम्मेलन का तीन दिवसीय आयोजन साकची स्थित रबीन्द्र भवन में टैगोर सोसाईटी के तत्वावधान में शुरु हुआ. इस अवसर पर सर्वप्रथम कोलकाता की शबनम मेघाली ने अपनी प्रस्तुति दी. दूसरे कलाकार के रूप में कोलकाता की रोहिणी राय चौधुरी, तीसरे कलाकार के रूप में श्रेया गुहा ठाकुरता तथा चौथे कलाकार के रूप में शासा घोषाल ने प्रस्तुति दी. कलाकारों ने रबीन्द्र संगीत सुनाकर लोगों को मंत्र मुग्ध कर दिया. ज्ञातब्य हो कि रबीन्द्र संगीत का यह वार्षिक आयोजन पिछले चार दशकों से अधिक समय से हो रहा है, जिसके लिए इस शहर के रबीन्द्र संगीत प्रेमी सहित सभी संगीत प्रेमी आतुर रहते हैं, क्योंकि न सिर्फ देश के वरन विदेश के कलाकारों को भी इस वार्षिक रबीन्द्र संगीत सम्मेलन के माध्यम से सुनने का मौका मिलता है.
कार्यक्रम के सम्बन्ध में टैगोर सोसाईटी के महासचिव आशीष चौधुरी ने बताया कि रबीन्द्र संगीत का यह तीन दिवसीय आयोजन अपने आप में रबीन्द्र संगीत की एक बड़ी विविधता को समेटे हुए हैं, जिसमें विभिन्न कलाकार रबीन्द्र संगीत में अपनी संगीत विधा की गहराइयों तक जाकर श्रोताओं के दिलों तक पहुंचने का प्रयास करते हैं. इस सम्मेलन का उद्देश्य रबीन्द्र संगीत की समृद्ध विरासत से युवा पीढ़ी सहित संगीत प्रेमियों को परिचित कराना है. कार्यक्रम के दूसरे दिन, 10 जनवरी को कोलकाता के कलाकार दुर्गा सिंह राय चौधुरी, सोनक चट्टोपाध्याय व तीसरे कलाकार के रूप में साहेब चट्टोपाध्याय रबीन्द्र संगीत की प्रस्तुति देंगे. कलाकारों को संगत करने वालों में कोलकाता के तबला वादक बिप्लब मंडल, एसराज में नंदन दासगुप्त, की-बोर्ड में सुब्रतो मुखर्जी व मंजीरा में संजीवन आचार्य ने साथ मिलकर कलाकारों के संगीत को और श्रवणीय बनाया.