तीन माह में होगा अंत्योदय आश्रमों की समस्याओं का समाधान
बिजली-पानी की समस्या पर विधायक पूर्णिमा ने टीएसयूआईएसएसएल के अधिकारियों के संग की बैठक
जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने सीतारामडेरा एवं बर्मामाइंस क्षेत्र के अंत्योदय आश्रमों में व्याप्त बिजली और पानी की समस्याओं को लेकर एग्रिको स्थित अपने आवासीय कार्यालय में त्रिपक्षीय बैठक की. बैठक में टाटा स्टील यूआईएसएसएल (पूर्व में जुस्को) के जीएम आर.के. सिंह, वाटर मैनेजमेंट व बिजली विभाग के हेड एवं 18 आश्रमों के मुखियागण मौजूद रहे.
मंगलवार को हुई इस बैठक में आश्रमों में जलापूर्ति, विद्युत आपूर्ति की समस्याओं पर चर्चा की गई.
बैठक में विधायक पूर्णिमा साहू ने टाटा स्टील यूआईएसएसएल के अधिकारियों को निर्देश दिया कि तीन महीने के भीतर सभी 18 अंत्योदय आश्रमों की बिजली और पानी से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के साथ निष्पादन किया जाए और इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए.
वहीं, टाटा स्टील यूआईएसएसएल के अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि आश्रमों में जलापूर्ति और विद्युत आपूर्ति की मजबूती के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना लागू की जाएगी. बैठक में सीतारामडेरा क्षेत्र के सुभाष आश्रम, शास्त्री आश्रम, राजेंद्र आश्रम, विवेकानंद आश्रम, सरदार पटेल कस्तूरबा आश्रम-ए, कस्तूरबा-बी, सर्वोदय आश्रम, प्रेम आश्रम, गांधी आश्रम-ए, गांधी आश्रम-बी एवं बर्मामाइंस क्षेत्र के हिन्द आश्रम, सेवा आश्रम, श्रीराम आश्रम, जयप्रकाश आश्रम, बिनोबा आश्रम, विनोबा आश्रम-2, बिरसा आश्रम के मुखियागण मौजूद रहे.
