टुसु पर्व के रंग में रंगा शहर : भुइयांडीह में मेला 14 से
तीन दिनों चलेगा सांस्कृतिक कार्यक्रम, समापन समारोह में टुसु, चौड़ल व बुढ़ी गाड़ी नाच के लिये मिलेगा नकद पुरस्कार
जमशेदपुर : राज्य के पूर्व मंत्री सह झारखंड सांस्कृतिक कला रंगमंच के केन्द्रीय अध्यक्ष दुलाल भुइयां ने जानकारी दी कि आगामी टुस पर्व के मौके पर 14 से 16 जनवरी तक भुइयांडीह दुर्गापूजा मैदान में भव्य मेला व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. वे आज अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में उक्त जानकारी दी. उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय मेला व स्वर्णरेखा नदी किनारे मुर्गा लड़ाई प्रतियोगिता का उद्घाटन राम प्रसाद भुइयां करेंगे. समापन समारोह 16 जनवरी को होगा, जिसमें टुसु प्रतिमा व चौड़ल प्रतियोगिता के विजेताओं तथा बुढ़ी गाड़ी नाच में भाग लेनेवाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा. इस दौरान मुख्य अतिथि के रुप में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद विद्युत वरण महतो तथा विधायक पूर्णिमा साहू शामिल होंगी.
श्री भुइयां ने बताया कि मुर्गा लड़ाई प्रतियोगिता रोजाना 45-45 पुरस्कार वितरित किये जाएंगे. साथ ही विभिन्न समाज के लोगों को भी उनके योगदान के लिये सम्मानित किया जाएगा. टुसु व चौड़ल लेकर आनेवालों को आकर्षक नकद ईनाम दिये जाएंगे. इसमें प्रथम 21 हजार, द्वितीय 15 हजार, तृतीय 10 हजार, चौथा 5 हजार, पांचवा 3 हजार, छठा 2 हजार, सातवां 1500, आठवां 1100 तथा नौवां व दसवां पुरस्कार 1000 रु. होगा. वहीं बुढ़ी गाड़ी नाच के लिये भी सम्मानजनक पुरस्कार दिये जाएंगे. इसमें अधिकतर पुरस्कार दैनंदिन जीवन में उपयोग होनेवाले वस्तुएं शामिल है. पत्रकार सम्मेलन में कुंज विभार, हरिहर साहू, मुंदुल भुइयां, लखी भुइयां, बादल भुइयां, मथुरा भुइयां, मिलन भुइयां सहित आयोजन समिति के कई सदस्य मौजूद थे.

