उगादी पंचांग श्रवणम व संगीत संध्या से मनेगा स्थापना दिवस
आंध्रा एसोसिएशन, कदमा ने पूरे किये 100 वर्ष, गुरुवार से कार्यक्रमों का शुभारंभ
जमशेदपुर : सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था आंध्रा एसोसिएशन, कदमा अपने स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शताब्दी वर्ष मनाएगी. इस ऐतिहासिक उपलब्धि को यादगार बनाने के लिए संस्था द्वारा कई सांस्कृतिक, पारंपरिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. उक्त जानकारी आज कदमा कार्यालय में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में संस्थान के महासचिव वाई के शर्मा ने दी.
उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत 19 मार्च को कदमा आंध्रा एसोसिएशन परिसर में ‘उगादी पंचांग श्रवणम’ से होगी. तेलुगु नववर्ष के रूप में मनाये जानेवाले ‘उगादी’ पर पारंपरिक पंचांग श्रवण कराया जाएगा. मौके पर बतौर मुख्य अतिथि संस्था के ट्रस्टी एम. भास्कर राव उपस्थित रहेंगे. इस क्रम मेें 22 मार्च को साकची राजेंद्र विद्यालय सभागार में शाम 6 बजे से ‘सिने संगीत विभावरी’ नामक संगीत संध्या का आयोजन होगा. कार्यक्रम में प्रसिद्ध कलाकार बी. रमण मूर्ति एवं उनकी टीम (श्रीकाकुलम, आंध्र प्रदेश) अपनी प्रस्तुति देंगे. इस दौरान टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉर्पोरेट सर्विसेज) डी बी सुंदर रामम मुख्य अतिथि होंगे. पत्रकार सम्मेलन में उपाध्यक्ष वी. श्रीनिवास व बी. बापूजी, कोषाध्यक्ष सी गणेश राव, सहायक कोषाध्यक्ष आर रवि, संयुक्त सचिव टी. अंजी राव, जी. सन्यासी राव और बी. श्रीनिवास राव के अलावा एम. कंका राव, बी. रामाराव, आई. श्रीनिवास, वेंकट गिरि और ए. रवि कुमार मौजूद थे.
समाज की स्मारिका का विमोचन 29 को
पदाधिकारियों ने बताया कि समारोह अंतर्गत 29 मार्च को आंध्रा एसोसिएशन परिसर, कदमा में शताब्दी स्मारिका का विमोचन किया जाएगा, जिसके मुख्य अतिथि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय होंगे. स्मारिका में संस्था के 100 वर्षों के गौरवशाली इतिहास, उपलब्धियों तथा शिक्षा, संस्कृति और समाज सेवा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया जाएगा.
