March 13, 2026

वेंडर बदला, बैठा दिये गये हाउसकीपिंग के ठेका श्रमिक

IMG-20260311-WA0007

विरोध में धरना प्रदर्शन : विधायक की पहल पर कंपनी ने दिया पुन: बहाल का आश्वासन

जमशेदपुर : टाटा स्टील ट्यूब डिवीजन, बर्मामाइंस में हॉस्पिटैलिटी सर्विस (हाउसकीपिंग) का कार्य करनेवाले मुखी समाज के ठेका श्रमिकों को वेंडर बदलाव की प्रक्रिया के बाद काम से बैठा दिए जाने के विरोध में मंगलवार को श्रमिकों ने धरना दिया. धरना में बर्मामाइंस हरिजन बस्ती के लगभग 40 श्रमिक शामिल थे, जो लंबे समय से इस कार्य में लगे हुए थे. अपनी मांगों को लेकर सभी श्रमिक मुखी समाज के प्रमुख लोगों तथा भाजपा जमशेदपुर महानगर अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष पोरेश मुखी के नेतृत्व में टाटा ट्यूब डिवीजन गेट के समीप धरना पर बैठ गए और पुन: काम पर बहाल करने की मांग की.
धरना की सूचना मिलते ही विधायक पूर्णिमा साहू ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित पहल की. विधायक के निर्देश पर उनके प्रतिनिधि गुंजन यादव ने टाटा स्टील के कॉरपोरेट रिलेशन विभाग से संपर्क कर श्रमिकों की समस्याओं और उनकी भावनाओं से कंपनी प्रबंधन को अवगत कराया. इसके बाद टाटा ट्यूब डिवीजन गेट पर कंपनी के वरीय अधिकारी भी पहुंचे और धरना पर बैठे श्रमिकों से वार्ता की. अधिकारियों ने श्रमिकों का मांग पत्र प्राप्त किया और उन्हें आश्वस्त किया कि दो दिनों के भीतर वार्ता कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा.

होमगार्ड भर्ती में हो रही देरी पर विस में उठे सवाल
जमशेदपुर, 10 मार्च (रिपोर्टर) : विधायक पूर्णिमा साहू ने जिले में होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी का मुद्दा मंगलवार को झारखंड विधानसभा में उठाया. शून्यकाल के दौरान उन्होंने सरकार से इस मामले में जल्द कार्रवाई करने की मांग की. विधायक ने कहा कि जिले में होमगार्ड भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया काफी पहले पूरी हो चुकी है, लेकिन अब तक अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा दौड़ आयोजित नहीं की गई है. उन्होंने सदन के माध्यम से सरकार से आग्रह किया कि राज्य के कई अन्य जिलों में होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दौड़ की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि पूर्वी सिंहभूम जिले में भर्ती की प्रक्रिया लंबित पड़ी हुई है. उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से आग्रह करते हुए सरकार से मांग की कि अभ्यर्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए जिले में होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) जल्द से जल्द आयोजित कराई जाए.

You may have missed