विकास योजना तैयार कर उस अनुसार सरकार से मांगे राशि
जमशेदपुर अक्षेस व मानगो नगर निगम में 2.86 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन
जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने सोमवार को मानगो नगर निगम और जमशेदपुर अक्षेस क्षेत्र अंतर्गत अपने विधायक निधि और जिला योजना अनाबद्ध निधि के 2 करोड़ 86 लाख रुपए से अधिक की राशि की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया. इन योजनाओं में 2 करोड़ 5 लाख रुपए की लागत से विधायक निधि से क्रियान्वित होनेवाले 38 योजनाओं का शिलान्यास, 26 लाख 32 हजार के लागत से विधायक निधि से पूर्ण हुए 4 योजनाओं का उद्घाटन तथा जिला योजना अनाबद्ध निधि से 55 लाख 50 हजार रुपए की लागत से डिमना मध्य विद्यालय में 6 अतिरिक्त वर्ग कक्ष के निर्माण कार्य का शिलान्यास शामिल है.
मौके पर श्री राय ने कहा कि विधायक और सांसद निधि से सडक़ और नाली निर्माण से बहुत अधिक लाभदायक नतीजा नहीं निकल पाता है. मानगो नगर निगम और जमशेदपुर अक्षेस एक बार सर्वे कर ले कि बस्तियों का जीवन स्तर सुधारने के लिए कितना कार्य करने की आवश्यकता है. इसके अनुसार विकास की योजनाएं तैयार कर राशि की मांग सरकार से की जानी चाहिए. उन्होंने पुन: नाला आधारित विकास योजना बनाने की बात दोहरायी. इस अवसर पर मुकुल मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि संजीव सिन्हा, अजय श्रीवास्तव, सुबोध श्रीवास्तव, अजय कुमार, पप्पू सिंह, ललन द्धिवेदी, चुन्नु भूमिज, रविन्द्र सिंह सिसोदिया, विनोद राय, भाजपा सोनारी मंडल अध्यक्ष प्रशांत पोद्दार, शशांक श्रीवास्तव आदि मौजूद थे.
