यूआरएमपी बनाने को पहले चरण में आदित्यपुर समेत 5 जिलों का चयन
विधायक सरयू राय के अभिस्ताव पर सरकार ने दी जानकारी
जमशेदपुर : झारखंड सरकार ने बताया कि नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा द्वारा गंगा नदी तथा बेसिन क्षेत्र के पांच राज्यों में गंगा तथा गंगा बेसिन के सहयोगी नदियों के संरक्षण, पुनरुद्धार और स्थायी प्रबंधन तथा सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान (यूआरएमपी) बनाने का कार्य प्रारम्भ किया गया है. इसके अगले दो वर्षों में पांच राज्यों के कुल 62 शहरों का यूआरएमपी तैयार किया जाना है. प्रथम चरण में झारखंड के रांची, धनबाद, चास, आदित्यपुर, साहेबगंज-राजमहल का चयन यूआरएमपी बनाने के लिए किया गया है.
गुरुवार को विधानसभा में जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने राज्य सरकार से अभिस्ताव किया था कि भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय और शहरी विकास मंत्रालय की पहल पर आरंभ सिटी अलायंस कार्यक्रम अंतर्गत शनल मिशन फॉर क्लीन गंगा (स्वीकृत एक्शन प्लान 2026) के अनुरूप झारखण्ड की प्रमुख नदियों स्वर्णरेखा और खरकई के किनारे स्थित रांची और जमशेदपुर शहरों के लिए तैयार की गई योजनाओं को सार्वजनिक करें और प्राथमिकता के आधार शहर नदी प्रबंधन की इन योजनाओं को लागू करें. श्री राय के इस अभिस्ताव के जवाब में सरकार की तरफ से यह जानकारी दी गई. सरकार ने बताया कि उक्त कार्य हेतु नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स, नई दिल्ली एवं उनके द्वारा नियुक्त नॉलेज पार्टनर (परामर्शी) अल्लुवीयम इंडिया को अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान तैयार करने हेतु नियुक्त किया गया है.

