June 5, 2026

3 साल का इंतजार खत्म: आखिरकार नलों से बहा पानी, खुशी से झूम उठा पूरा मोहल्ला

588f08fe-1030-4b85-bbc4-4c7245661f6a_img-20260529-wa0023-jpg

जमशेदपुर: तीन वर्षों तक पानी की एक-एक बूंद के लिए संघर्ष करने वाले सैफिगंज मोहल्ला के लोगों के चेहरे आखिरकार खिल उठे। गुरुवार शाम वह पल आया जिसका इंतजार सैकड़ों परिवार लंबे समय से कर रहे थे। जैसे ही नए पाइपलाइन से पानी की सप्लाई शुरू हुई, पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई।

जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र के सैफिगंज मोहल्ला के करीब 400 घरों और 2,000 से अधिक लोगों को अब नियमित रूप से नल का पानी मिलने लगा है। वर्षों से चली आ रही जल संकट की समस्या ने लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया था। कई परिवारों को पानी के टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ता था, जबकि कुछ लोगों को पीने का पानी खरीदकर अपनी जरूरतें पूरी करनी पड़ती थीं।

दरअसल, पहले सैफिगंज और चपरिया मोहल्ला के लिए एक ही पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति होती थी। तकनीकी खामी के कारण पानी का पर्याप्त दबाव सैफिगंज तक नहीं पहुंच पाता था, जिससे लोगों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ती थी। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने कई बार प्रशासन और नगर परिषद के समक्ष अपनी मांग रखी, प्रदर्शन किए और ज्ञापन भी सौंपे, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया।

आखिरकार नगर परिषद द्वारा नई पाइपलाइन बिछाने का फैसला लिया गया। दो दिनों तक चले कार्य के बाद गुरुवार शाम पानी की आपूर्ति शुरू कर दी गई। नलों से पानी निकलते ही लोगों की वर्षों पुरानी चिंता खत्म हो गई।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले तीन साल उनके लिए किसी परीक्षा से कम नहीं थे। गर्मी के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी। अब नियमित जलापूर्ति शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिली है।

नगर परिषद की ओर से बताया गया कि इस समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए गए थे। प्रशासन और नगर परिषद के संयुक्त प्रयासों के बाद आखिरकार यह बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो सकी।

सैफिगंज के लोगों के लिए यह सिर्फ पानी की सप्लाई शुरू होने की खबर नहीं, बल्कि तीन साल लंबे संघर्ष की जीत की कहानी है, जिसने पूरे मोहल्ले में नई उम्मीद और राहत का माहौल पैदा कर दिया है।