अंतर्राष्ट्रीय प्लम्बर दिवस पर सम्मान समारोह
जमशेदपुर : अंतर्राष्ट्रीय प्लम्बर दिवस पर निरीक्षण भवन में अधीक्षण अभियंता तथा कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर एवं आदित्यपुर द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल आदित्यपुर ने अतिथियों का स्वागत किया. इस दौरान 8 मार्च 2026 से संचालित “जल महोत्सव” कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी गई. उन्होंने बताया कि आयोजन का उद्देश्य पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था में प्लम्बरों की भूमिका को सम्मानित करना है.
उन्होंने विशेष रूप से जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में “नल से जल” की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने में प्लम्बरों के सराहनीय योगदान की चर्चा करते हुए उनका आभार जताया. अधीक्षण अभियंता ने कहा कि प्लम्बर समाज को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं. उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन एवं जल जीवन मिशन के अंतर्गत किए जा रहे उनके उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की.
कार्यक्रम में “जल महोत्सव पखवाड़ा” के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसका आयोजन 08 मार्च 2026 से 22 मार्च 2026 तक किया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान जल जीवन मिशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्लम्बरों को शॉल एवं टूल किट प्रदान कर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर एवं आदित्यपुर, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, सभी जिला समन्वयक, प्लम्बर एवं अन्य कार्यालय कर्मी उपस्थित थे.
