Jamshedpur/Jharkhand : लौहनगरी के जुगसलाई थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर उस वक्त भारी तनाव फैल गया, जब नशे के कारोबार को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। जुगसलाई ईदगाह मैदान के पास हुई इस घटना में आदित्यपुर से आए कुछ युवकों ने स्थानीय युवकों को ‘ब्राउन शुगर’ बेचने की कोशिश की, जिसका विरोध करने पर मामला हिंसक झड़प तक जा पहुँचा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हंगामा कर रहे युवकों को खदेड़ कर पकड़ा है, जिनके पास से एक नकली पिस्टल भी बरामद हुई है।
नशा बेचने का विरोध करने पर छीना मोबाइल
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर आदित्यपुर क्षेत्र से आए कुछ संदिग्ध युवक ईदगाह मैदान के पास जमा थे। वे बस्ती के युवाओं को नशे की पुड़िया (ब्राउन शुगर) उपलब्ध कराने की फिराक में थे। जैसे ही स्थानीय युवकों को इसकी भनक लगी, उन्होंने इसका पुरजोर विरोध किया।
विरोध से बौखलाए बाहरी युवकों ने स्थानीय लड़कों के साथ गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी। इसी आपाधापी में आरोपितों ने बस्ती के युवकों का मोबाइल फोन भी छीन लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई: नकली पिस्टल बरामद
झड़प और हंगामे की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पकड़े गए युवकों के पास से एक पिस्टल मिली, जो जांच में नकली (लाइटर या खिलौना) पाई गई। आरोपितों ने इस नकली हथियार का उपयोग लोगों को डराने और धौंस जमाने के लिए किया था।
आदित्यपुर से जुड़े हैं नशे के तार
थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि पकड़े गए युवक सरायकेला जिले के आदित्यपुर से जुगसलाई में ब्राउन शुगर की खेप बेचने आए थे। पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लिया है जिनसे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है।