अपने ज्ञान, संस्कार व मेहनत से देश-समाज का नाम करें रोशन
श्रीनाथ पब्लिक स्कूल में ग्रेजुएशन नाइट, 12वीं के विद्यार्थियों को दी गई विदाई
जमशेदपुर : आदित्यपुर स्थित श्रीनाथ पब्लिक स्कूल में बारहवीं के विद्यार्थियों के सम्मान में विद्यालय परिसर में भव्य ‘ग्रेजुएशन नाइट’ का आयोजन तनुश्री साहा (सीसीए कोर्डिनेटर) की अध्यक्षता में किया गया. यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के विद्यालय जीवन की उपलब्धियों को सम्मानित करने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के उद्देश्य से आयोजित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक शम्भू नाथ महतो व संध्या महतो, अध्यक्ष सुखदेव महतो, श्रीनाथ विवि के डीन जे राजेश, प्राचार्य संजय कुमार सिंह, विद्यालय प्रबन्धन समिति सदस्य अनिता महतो, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ. मौके पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें गीत, नृत्य एवं भावपूर्ण भाषण शामिल थे. इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया.
विद्यालय के प्राचार्य ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है और उन्हें अपने ज्ञान, संस्कार एवं मेहनत के बल पर समाज एवं राष्ट्र का नाम रोशन करना चाहिए. विद्यालय की सीनियर कोर्डिनेटर स्वेता गुहा राय ने छात्रों को आशीष वचन देते हुए शुभकामनाएं दी. कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया.

