अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य देने उमड़े हजारों व्रतधारी
लोगों की सेवा में मौजूद रहे सिदगोड़ा सूर्य मंदिर समिति के सदस्य
जमशेदपुर : लोक आस्था और सू्र्य उपासना के महापर्व चैती छठ का पहला अघ्र्य मंगलवार को संध्याकाल में व्रतधारियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अघ्र्य दिया. सिदगोड़ा सूर्य मंदिर परिसर में पारंपरिक रीति रिवाज के साथ छठव्रती भगवान भास्कर को अघ्र्य देने छठ घाट तालाब पहुंचे थे. सूर्यधाम परिसर में हर ओर छठी मैया की मधुर गीत सुनाई दे रही थी. सूर्य मंदिर समिति की ओर से शिविर लगाकर श्रद्धालुओं के बीच शीतल शर्बत की सेवा दी गी. पूर्व मुख्यमंत्री सह सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास, संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह इस दौरान मौजूद रहे. मंदिर समिति की ओर से महापर्व चैती छठ को लेकर दोनों छठ घाट तालाबों की साफ-सफाई की गई थी. रंग-बिरंगी लाइटों से घाटों और फूलों से पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया है. कल, बुधवार को उदीयमान भगवान सूर्य को अघ्र्य देने के साथ ही व्रती हवन और पारण करेंगे. इसके साथ ही चार दिवसीय महापर्व का समापन हो जाएगा. मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन एवं मंदिर समिति के सदस्यगण मौजूद रहे. इस दौरान सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव अखिलेश चौधरी, अमरजीत सिंह राजा, सुशांत पांडा, मान्तु बनर्जी, शैलेश गुप्ता, शशिकांत सिंह सहित कई सदस्य उपस्थित थे.

