Chatra Accident : चतरा में NH-99 पर ट्रक ने महिला को कुचला, शव रखकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
Chatra Road Accident
Chatra : झारखंड के चतरा जिले में गुरुवार की सुबह रफ्तार के कहर ने एक हँसते-खेलते परिवार की खुशियाँ छीन लीं। चतरा–रांची मुख्य पथ (NH-99) पर सिमरिया थाना क्षेत्र के बगरा मोड़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर एनएच-99 को पूरी तरह जाम कर दिया है, जिससे रांची-डोभी मार्ग पर वाहनों के पहिये थम गए हैं।
मुआवजे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर एनएच-99 जाम
घटना के तुरंत बाद बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और मृतका के परिजन बगरा मोड़ पर जमा हो गए और एनएच-99 को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषी ट्रक चालक की अविलंब गिरफ्तारी और मृतका के परिजनों को 5 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है। सड़क जाम होने के कारण सड़क के दोनों ओर ट्रकों और यात्री बसों की लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। समाचार लिखे जाने तक आवागमन पूरी तरह बाधित है।
प्रशासन की समझाइश जारी, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
सड़क जाम और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सिमरिया के अंचल अधिकारी (CO) गौरव कुमार और थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुँचे। प्रशासनिक अधिकारी लगातार आक्रोशित परिजनों को समझाने-बुझाने और जाम हटाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, मुआवजे की ठोस घोषणा और चालक की गिरफ्तारी की मांग पर लोग अड़े हुए हैं। मौके पर तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से अतिरिक्त पुलिस बल को भी तैनात किया गया है ताकि विधि-व्यवस्था बनी रहे।
