Assam Assembly Election : असम के चुनावी रण में Khunti की धमक, JMM के स्टार प्रचार MLA सुदीप गुड़िया व राम सूर्या मुंडा गुवाहाटी रवाना
MLA Sudip Guriya and Ram Sury Munda (File Photo)
Khunti : झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपनी चुनावी बिसात बिछा दी है। इसी कड़ी में पार्टी की केंद्रीय समिति ने खूंटी जिले के दो प्रमुख चेहरों तोरपा के विधायक सुदीप गुड़िया और खूंटी के विधायक राम सूर्या मुंडा को ‘स्टार प्रचारक’ की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। यह निर्णय न केवल दोनों विधायकों की बढ़ती राजनीतिक कद को दर्शाता है, बल्कि असम के आदिवासी बहुल क्षेत्रों में झामुमो की गहरी पैठ बनाने की रणनीति का भी हिस्सा है।
खूंटी का बढ़ता राजनीतिक कद और आदिवासी संघर्ष की पहचान
खूंटी की राजनीति हमेशा से संघर्ष, जल-जंगल-जमीन और जनसरोकारों की प्रयोगशाला रही है। ऐसे में यहाँ के दोनों विधायकों का असम जैसे महत्वपूर्ण राज्य के चुनाव प्रचार में स्टार प्रचारक के रूप में जाना एक बड़ा राजनीतिक संकेत है। यह दर्शाता है कि झामुमो अब झारखंड की सीमाओं के बाहर भी अपनी संगठनात्मक शक्ति और खूंटी मॉडल को मजबूती से पेश कर रहा है। राजनीतिक गलियारों में इसे खूंटी की बढ़ती व्यापक राजनीतिक उपस्थिति के रूप में देखा जा रहा है।
विधायकों ने जनता को किया आश्वस्त- क्षेत्र का विकास नहीं रुकेगा
असम में लगभग एक सप्ताह के चुनावी प्रवास को ध्यान में रखते हुए सुदीप गुड़िया और राम सूर्या मुंडा ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों की जनता को विशेष संदेश दिया है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि उनके प्रवास के दौरान विकास कार्यों और जनहित की योजनाओं में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।
विधायकों ने कहा कि वे डिजिटल माध्यमों और मोबाइल के जरिए लगातार अपने क्षेत्र के लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों के संपर्क में रहेंगे। किसी भी जरूरी मामले में त्वरित निर्णय लिए जाएंगे। साथ ही, उन्होंने आम जनता से अपील की है कि अति-आवश्यक कार्यों के लिए वे उनके अधिकृत विधायक प्रतिनिधियों से संपर्क कर समस्याओं का समाधान करा सकते हैं।
