March 1, 2026

बाबा मंदिर तक जानेवाले हर संकीर्ण रास्ते में चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद

IMG-20260301-WA0015

गूगल मैप बनेगा श्रद्धालुओं का मार्गदर्शक

देवघर : प्राय: देखा गया है कि बाबा मंदिर के दर्शन हेतु बाहर से आनेवाले श्रद्धालु गूगल मैप का सहारा लेते हुए संकरी एवं तंग गलियों में प्रवेश कर जाते हैं, जिससे यातायात की सुगमता बाधित हो जाती है. इसकारण श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है और उन्हें घंटों जाम में फंसना पड़ता है. इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए देवघर पुलिस अधीक्षक सौरभ के निर्देशानुसार देवघर यातायात पुलिस ने एक अभूतपूर्व निर्णय लिया है. अब मंदिर की ओर जानेवाले सभी प्रमुख संकीर्ण मार्गों को गूगल मैप पर प्रवेश निषेध घोषित कर दिया गया है. इस व्यवस्था के तहत यदि कोई श्रद्धालु गूगल मैप पर लाइव ट्रैफिक का उपयोग करते हुए मंदिर तक पहुंचने का प्रयास करेगा, तो उसे ये संकीर्ण मार्ग गूगल मैप पर रोड क्लोज्ड (बंद मार्ग) के रूप में दिखाई देंगे, जिससे वह सीधे सुरक्षित एवं सुगम मार्ग की ओर निर्देशित हो सकेगा. प्रशासन के अनुसार मंदिर के आसपास स्थित संकरी और तंग गलियों में अक्सर श्रद्धालु अपने चार पहिया वाहन लेकर घुस जाते हैं, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है. इसी समस्या से निजात दिलाने के लिए मंदिर की ओर जाने वाले 17 से अधिक प्रमुख रास्तों को चार पहिया वाहनों के लिए पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है.

प्रतिबंधित मार्गों में ये शामिल हैं

  1. जलसार से मंदिर जाने का रास्ता
  2. सब्जी मंडी से मंदिर जाने का रास्ता
  3. आजाद चौक से मंदिर जाने का रास्ता
  4. टावर चौक से मंदिर जाने का रास्ता
  5. धोबिया गली, ड्रोलिया गली, डोमासी गली सहित अन्य संकरी गलियां

गूगल मैप बनेगा आपका जरिया
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाहर से वाहन लेकर आने वाले हर श्रद्धालु के लिए लाइव गूगल मैप का उपयोग करना अब सबसे बड़ा सहायक साबित होगा. पुलिस ने गूगल मैप पर सभी बंद मार्गों को अपडेट कर दिया है, जिससे श्रद्धालु मंदिर क्षेत्र में प्रवेश करने से पहले ही यह जान सकेंगे कि कौन-सा रास्ता अवरुद्ध है और कौन-सा उनके वाहन के लिए खुला है. यातायात पुलिस के अनुसार, लाइव गूगल मैप देखकर चलने से श्रद्धालु न केवल बंद गलियों में घुसने से बचेंगे, बल्कि घंटों जाम में फंसने से भी बच जाएंगे.

देवघर पुलिस की अपील
देवघर यातायात पुलिस ने सभी भक्तों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और पुलिस कर्मियों द्वारा दिए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करें.