बाबा थारी चाकरी भी ठाकरी सी लागे जी….जैसे भजनों पर झूमे श्रद्धालु
सोनारी लक्ष्मी नारायण मारवाड़ी मंदिर में दो चरणों में मना श्री श्याम महोत्सव, जुटे श्रद्धालु
जमशेदपुर : सोनारी के श्री श्याम सेवा संघ द्धारा श्री श्याम महोत्सव धूमधाम से मनाया गया. यह कार्यक्रम संस्था अध्यक्ष अशोक दीवान के नेतृत्व में दो चरणों में संपन्न हुआ. प्रथम चरण में सोनारी रांम मंदिर से विभिन्न मार्ग होते हुए लक्ष्मी नारायण मारवाड़ी मंदिर (महोत्सव स्थल) तक शोभायात्रा निकाली गयी, जिसमें 251 श्याम प्रेमी निशान लिये शामिल हुए. यात्रा में सबसे आगे दो बड़े ध्वजा एक बाबा श्याम और दूसरा हनुमान जी का लिये भक्त चल रहे थे. इसके पूर्व राम मंदिर में निशान की पूूजा मुख्य यजमान पीयूष चूड़ीवाला और महेश अग्रवाल ने किया. पंडित विपिन पांडेय ने विधिवत रूप से पूजा अर्चना करायी.
दूसरे चरण में रात्रि कीर्तन मे मुख्य यजमान उमा-पंकज अग्रवाल ने पूजा की. भजन गायक आदर्श दधीच एवं शुभम अग्रवाल ने गणेश वंदना से भजन कार्यक्रम का शुभारंभ किया. उन्होंने एकदिन तो आएगा मेरा खाटूवाला यही सोच मैंने खुद को सम्हाला…, मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जायेंगे श्याम आयेंगे…, श्याम हमारा है, तुम्हारा है श्याम ही हारे का सहारा है…, कभी रूठना ना मुझ से श्री श्याम सांवरे…, लोगों का सहारा तो बहुत होंगे मेरा तो सहारा सिर्फ तू है…आदि भजनों की प्रस्तुति देकर बाबा के दरबार में हाजिरी लगायी. महोत्सव को सफल बनाने में अध्यक्ष अशोक दीवान, श्याम अग्रवाल, अरविन्द अग्रवाल, मनीष गर्ग, चेतन अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, रुपेश जैन, राजेश टोडी, कमल अग्रवाल, बजरंग वर्मा, राहुल अग्रवाल, विजय गुप्ता, विवेक अग्रवाल, विनोद दीवान, महेश अग्रवाल समेत कई सदस्य मौजूद थे.

