भव्य आतिशबाजी, पुष्पवर्षा व भजनों से सजेगी शाम
महाशिवरात्रि पर सोनारी दोमुहानी में ‘आस्था का महासंगम’ रविवार को
जमशेदपुर : महाशिवरात्रि के अवसर पर ‘आस्था का महासंगम कार्यक्रम’ की तैयारी अंतिम चरण में है. कल, रविवार को सोनारी स्वर्णरेखा दोमुहानी संगम घाट पर स्वर्णरेखा आरती का आयोजन किया जाएगा. इस हेतु सफाई कार्य जारी हैं, कई कार्यकर्ता जुस्को एवं जमशेदपुर अक्षेस के दर्जनों कर्मचारी सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने में लगे हैं. उक्त आयोजन की तैयारियों के संदर्भ में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में राज्य के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि महा शिवरात्रि के अवसर पर कल, रविवार को स्वर्णरेखा घाट पर संध्या बेला में मनमोहक आरती का आयोजन किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि आयोजन में बनारस के अस्सी घाट के प्रसिद्ध आचार्य आशुतोष महाराज के नेतृत्व में काशी के 21 पंडित भव्य स्वर्णरेखा आरती करेंगे. साथ ही नदी पूजन भी स्थानीय पुरोहितों की देखरेख में किया जायेगा, जिसमें संध्या 5 बजे पहले नदी पूजन उसके बाद भव्य आरती का आयोजन होगा. इस दौरान अलौकिक पुष्प वर्षा एवं सुन्दर आतिशबाजी भी की जाएगी. इस हेतु निमंत्रण पत्र बांटे जा रहे हैं. आयोजन में हजारों शिवभक्त का जुटान होगा एवं शिवजी से जुड़ी विभिन्न कलाकृति विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा. इस दौरान स्थानीय कलाकार कृष्णमूर्ति भजनों की अमृत वर्षा करेंगे. पत्रकार वार्ता में अभिषेक सिंह, सुनील गुप्ता, गोपी प्रमाणिक आदि भी उपस्थित थे.
