बिहार में ‘सम्राट युग’ की शुरुआत
पटना : बिहार की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत हो गई है. भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने बुधवार को राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली. उनके साथ जेडीयू कोटे से वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने उपमुख्यमंत्री (डिप्टी सीएम) पद की शपथ ग्रहण की. राजधानी पटना स्थित लोकभवन में आयोजित इस शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल ने सभी को पद की शपथ दिलाई. समारोह में कई राजनीतिक हस्तियां, अधिकारी और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे. यह पहला मौका है जब बिहार में भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता मुख्यमंत्री बना है, जिससे राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है.
शपथ लेने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एक्शन मोड में नजर आए. उन्होंने पदभार संभालते ही वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों को गति देने और कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए. नई सरकार में जेडीयू के दोनों डिप्टी सीएम-विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव को शामिल कर गठबंधन संतुलन साधने की कोशिश की गई है. दोनों नेताओं को प्रशासनिक अनुभव के कारण सरकार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
सम्राट चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकास योजनाओं को आगे बढ़ाएंगे और बिहार को तेज़ी से विकसित राज्य बनाने की दिशा में काम करेंगे. इस शपथ के साथ ही बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद ‘सम्राट युग’ की औपचारिक शुरुआत हो गई है, जिस पर अब पूरे देश की नजरें टिकी हुई है.