April 19, 2026

chaibasa rape case : चाईबासा में अंधविश्वास की आड़ में नाबालिग से दरिंदगी, ‘हैवान’ ओझा को पुलिस ने दबोचा

IMG_20260302_194214

Chaibasa/Jamshedpur : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में झाड़-फूंक के बहाने घर पहुंचे एक ओझा द्वारा नाबालिग से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित ओझा पाण्डे नाग (57) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, हाट करंजिया निवासी फुलमती हेस्सा ने अपने बेटे की बीमारी के इलाज के लिए तोडांगहातु (मुंडासाई) निवासी ओझा पाण्डे नाग को घर बुलाया था।

मां और भाई को विसर्जन के लिए भेज कर किया दुष्कर्म

झाड़-फूंक करने के बाद ओझा ने फुलमती और उसके बेटे को तालाब में विसर्जन के लिए भेज दिया। इसी दौरान घर में अकेली रह गई फुलमती की नाबालिग बेटी को आरोपित ने डराया-धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। तालाब से लौटने पर पीड़िता ने अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद मां-बेटी तत्काल जगन्नाथपुर थाने पहुंचीं और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पूर्व में भी रह चुका है दुष्कर्म का आरोपी, गिरफ्तार

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम ने सोमवार को छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, ओझा पूर्व में भी दुष्कर्म के एक मामले में आरोपित रह चुका है।

आरोपी से पूछताछ कर रही पुलिस

गिरफ्तारी अभियान में पुलिस अनुमंडल पदधिकारी (SDPO) वाहमन टूटी, थाना प्रभारी टिंकू कुमार दास, अभिमन्यु कुमार, विश्वनाथ हेम्ब्रम, मनमथो प्रधान सहित सशस्त्र जवान शामिल थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है तथा मेडिकल और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।

You may have missed