मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब Rajdhani Express की एक बोगी में अचानक भीषण आग लग गई। ट्रेन तिरुवनंतपुरम से दिल्ली जा रही थी और हादसा सुबह करीब 5:15 बजे विक्रमगढ़ आलोट और लूनीरिछा स्टेशन के बीच हुआ।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक आग बी-1 कोच में लगी, जिसमें करीब 68 यात्री सफर कर रहे थे। सबसे पहले गार्ड ने कोच से धुआं और लपटें निकलती देखीं, जिसके बाद तुरंत लोको पायलट को सूचना दी गई। ट्रेन को फौरन रोका गया और केवल 15 मिनट के भीतर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
घटना के बाद मौके पर रेलवे और स्थानीय प्रशासन की टीम पहुंची और आग पर काबू पाया गया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि रेलवे ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। हादसे के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल देखा गया, वहीं कई लोगों ने रेलवे की त्वरित कार्रवाई की सराहना की, जिसकी वजह से बड़ा हादसा टल गया।
यह घटना एक बार फिर रेलवे सुरक्षा और कोच में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर रही है।