चोरों ने उड़ाये 1.40 लाख के मोबाइल सहित अन्य कुरियर
गोलमुरी बजरंगनगर स्थित कार्यालय की घटना, सीसीटीवी की डीवीआर भी लेकर चलते बने
जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के बजरंगनगर स्थित एक कुरियर कार्यालय में चोरों ने शटर और दरवाजे के चार-चार ताले तोडक़र बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. इस दौरान चोर कार्यालय के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग मशीन (डीवीआर) भी अपने साथ ले गए. उक्त घटना 09 मार्च 2026 की रात लगभग 9 बजे से 10 मार्च 2026 की सुबह के बीच की बताई जा रही है. सुबह जब कार्यालय संचालक पहुंचे तो देखा कि शटर और दरवाजे के ताले टूटे हुए हैं. अंदर जाकर जांच करने पर कई महंगे पार्सल और अन्य सामान गायब मिले. प्रारंभिक आकलन के अनुसार चोरी गई सामग्री की कीमत डेढ़ लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है. इसमें एक पार्सल में 1.40 लाख रु. मूल्य के एक मोबाइल भी शामिल है.
कार्यालय संचालक ने बताया कि चोरों ने बड़ी चालाकी से पहले शटर और दरवाजे पर लगे चार-चार ताले तोड़े और उसके बाद अंदर घुसकर पार्सलों को खंगाला. साथ ही पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर मशीन भी निकाल कर ले गए. घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है. उनका कहना है कि जब चार-चार ताले और सीसीटीवी कैमरे के बावजूद चोरी हो रही है, तो व्यापार करना भी मुश्किल होता जा रहा है. इस संबंध में गोलमुरी थाना में लिखित शिकायत की गई है.
