June 23, 2026

मंदिर निर्माण को बल देने मथुरा के लिये पैदल रवाना हुए शिवम

IMG-20260311-WA0002

दो माह में पूरी करेंगे लगभग 1700 किमी की यात्रा, बागबेड़ावासियों ने दी विदाई

जमशेदपुर : बागबेड़ा माई दरबार के तत्वावधान में श्री कृष्ण जन्मभूमि मथुरा मंदिर निर्माण के समर्थन में आस्था और समर्पण का एक विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है. अभियान के अंतर्गत युवा श्रद्धालु शिवम् पटेल आज बागबेड़ा से लगभग 1700 किलोमीटर की पदयात्रा पर रवाना हुए. पदयात्रा का उद्देश्य श्री कृष्ण जन्मभूमि मथुरा मंदिर निर्माण के लिए प्रतीकात्मक रूप से ईंट भेंट करना है. श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत यह यात्रा लगभग दो महीनों में पूरी होने की संभावना है. यात्रा के दौरान शिवम् पटेल पैदल चलते हुए विभिन्न स्थानों पर लोगों को इस धार्मिक एवं आस्था से जुड़े अभियान से जोडऩे का कार्य भी करेंगे.
इस अवसर पर बागबेड़ा माई दरबार के सदस्य संदीप सिंह, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष नितीश कुशवाहा तथा घाघीडीह मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार ने शिवम पटेल को माला पहनाकर, अंगवस्त्र भेंट कर एवं नगद सहयोग प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया. साथ ही सुनील गुप्ता सहित अन्य स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए यात्रा की सफलता एवं मंगलमय पूर्णता की कामना की. यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के सहयोग से रुकने और विश्राम की व्यवस्था भी की गई है. मौके पर संतोष ठाकुर, गौरव सिंह, सनी सिंह, बिपिन तिवारी, सचिन, मास्टर जी, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, मुदिता सिंह, सीमा पांडे, अमन ठाकुर, विकास तिवारी, वेद प्रकाश सहित माई दरबार सेवा संघ के साथीगण एवं काफी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रहे.

You may have missed