दीना बाबा ने मजदूर हित व राजनीति के क्षेत्र में शानदार कार्य किया : सरयू
● समय देख कर काम नहीं करते थे दीनानाथ पांडेय : राकेश्वर पांडेय
● दीनानाथ पांडेय स्मारक समिति ने किया असंगठित क्षेत्र के 150 से ज्यादा श्रमिकों का सम्मान
जमशेदपुर : दीनानाथ पांडेय स्मारक समिति के तत्वावधान में रविवार को उनकी पुण्यतिथि पर असंगठित क्षेत्र के 150 से ज्यादा श्रमिकों का सम्मानित किया गया. यह आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय बारात भवन परिसर में किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत में स्वर्गीय दीनानाथ पांडेय की प्रतिमा पर अतिथियों द्वारा माल्यार्पण किया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय तथा विशिष्ट अतिथि के रुप में मज़दूर नेता राकेश्वर पांडेय, टुन्नू चौधरी, चंदेश्वर खां, सुबोध श्रीवास्तव, अमित सिंह, आरके सिंह, रामनारायण शर्मा और शिवशंकर सिंह मौजूद रहे. कार्यक्रम के संयोजक भाजपा नेता अमित शर्मा थे.
मुख्य अतिथि सरयू राय ने कहा कि स्व. दीनानाथ पांडेय एक ऐसे नेता थे, जिन्होंने अपनी राह खुद चुनी, उस पर चले और इतिहास बना गये. उन्होंने मजदूरों के क्षेत्र में और राजनीति के क्षेत्र में भी जबरदस्त काम किया. श्री राय ने कहा कि दीनानाथ पांडेय विधानसभा में जिस तरीके से अपनी बातों को रखते थे, लोग उनके कायल हो जाते थे. आज उनके नहीं रहने पर भी लोग उन्हें बेहद सम्मान से याद करते हैं.
सरयू राय ने कहा कि यह ठीक है कि दीनानाथ पांडेय ने मजदूर हितों की रक्षा करने के लिए बड़ी लंबी लकीर खींच दी थी लेकिन आज के मजदूर नेता उस लकीर के हिसाब से ही चल रहे हैं. उन्होंने कहा कि राजनीति के क्षेत्र में भी दीनानाथ पांडेय ने जो रास्ता दिखाया, उस पर हमें चलने का प्रयास करना चाहिए. मजदूर नेता और लोकप्रिय विधायक के रुप में उन्होंने जो कुछ भी किया, वह अनुकरणीय है.
राकेश्वर पांडेय ने कहा कि दीनानाथ पांडेय वक्त देख कर काम नहीं करते थे. वे 103 डिग्री बुखार में भी लोगों का काम करने के लिए तत्पर रहते थे. वह मजदूरों का हर हाल में कल्याण करने की कामना करते थे. धन्यवाद ज्ञापन आशुतोष राय तथा मंच संचालन पप्पू राव और अमरेश राय ने किया.

