March 7, 2026

Jamshedpur Airport Demand : धालभूमगढ़ एयरपोर्ट निर्माण के लिए सिंहभूम चैंबर ने पोस्टल पार्क में दिया धरना

Jamshedpur Airport Demand

Jamshedpur Airport Demand

Jamshedpur/Jharkhand : जमशेदपुर और कोल्हान क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के निर्माण की मांग को लेकर शनिवार को सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से बिष्टुपुर स्थित पोस्टल पार्क में धरना-प्रदर्शन किया गया। सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले इस विरोध कार्यक्रम में चेंबर के पदाधिकारियों, व्यवसायियों, उद्यमियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर सरकार से जल्द एयरपोर्ट निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग उठाई।

धरना कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं में सिंहभूम चेंबर के अध्यक्ष मानव केडिया,अनिल मोदी, अशोक अग्रवाल, विजय मुनका सहित अन्य ने कहा कि जमशेदपुर देश के प्रमुख औद्योगिक शहरों में शामिल है और यहां टाटा स्टील समेत कई बड़ी औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं। इसके बावजूद शहर में अब तक नियमित एयर कनेक्टिविटी की सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिससे उद्योग, व्यापार, निवेश और पर्यटन के विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि धालभूमगढ़ में एयरपोर्ट निर्माण की घोषणा कई वर्ष पहले की जा चुकी है, लेकिन अब तक जमीन अधिग्रहण और अन्य प्रक्रियाएं पूरी नहीं होने के कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ पाई है।

चेंबर के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट का निर्माण जल्द शुरू होता है तो इससे पूरे कोल्हान क्षेत्र को लाभ मिलेगा। इससे जमशेदपुर, चाईबासा, सरायकेला-खरसावां और आसपास के जिलों के उद्योग, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी। साथ ही देश के विभिन्न शहरों से यहां आने वाले निवेशकों और पर्यटकों के लिए भी यात्रा आसान हो जाएगी।

धरना के दौरान चेंबर के पदाधिकारियों ने राज्य और केंद्र सरकार से मांग की कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को प्राथमिकता देते हुए सभी प्रशासनिक और तकनीकी अड़चनों को जल्द दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि इस परियोजना पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो चेंबर आगे और भी व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा।

Also Read : JPSC CCE 2025 : हाई कोर्ट के आदेश पर फिर खुला सिविल सेवा परीक्षा का पोर्टल, जानें किन्हें मिलेगा आवेदन का मौका