Jamshedpur Airport Demand : धालभूमगढ़ एयरपोर्ट निर्माण के लिए सिंहभूम चैंबर ने पोस्टल पार्क में दिया धरना
Jamshedpur Airport Demand
Jamshedpur/Jharkhand : जमशेदपुर और कोल्हान क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के निर्माण की मांग को लेकर शनिवार को सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से बिष्टुपुर स्थित पोस्टल पार्क में धरना-प्रदर्शन किया गया। सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले इस विरोध कार्यक्रम में चेंबर के पदाधिकारियों, व्यवसायियों, उद्यमियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर सरकार से जल्द एयरपोर्ट निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग उठाई।
चेंबर के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट का निर्माण जल्द शुरू होता है तो इससे पूरे कोल्हान क्षेत्र को लाभ मिलेगा। इससे जमशेदपुर, चाईबासा, सरायकेला-खरसावां और आसपास के जिलों के उद्योग, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी। साथ ही देश के विभिन्न शहरों से यहां आने वाले निवेशकों और पर्यटकों के लिए भी यात्रा आसान हो जाएगी।
धरना के दौरान चेंबर के पदाधिकारियों ने राज्य और केंद्र सरकार से मांग की कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को प्राथमिकता देते हुए सभी प्रशासनिक और तकनीकी अड़चनों को जल्द दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि इस परियोजना पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो चेंबर आगे और भी व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा।
