सर्च न्यूज: सच के साथ: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ गठबंधन के दो प्रमुख घटक दलों, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और कांग्रेस के बीच तकरार बढ़ गई है। विवाद तब शुरू हुआ जब कांग्रेस ने गुरुवार को प्रणव झा को अपनी ओर से उम्मीदवार घोषित कर दिया। इस घोषणा के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार (5 जून, 2026) को झामुमो विधायकों के साथ एक आपातकालीन बैठक की, जिसमें पार्टी ने दोनों सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने का मन बना लिया है
झामुमो के वरिष्ठ नेताओं का तर्क है कि राज्य की सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते दोनों सीटों पर उनका स्वाभाविक दावा बनता है। पार्टी महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने स्पष्ट किया कि विधायकों ने सर्वसम्मति से दोनों सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है, हालांकि अंतिम निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अधिकृत किया गया है। झामुमो इस बात से भी नाराज है कि कांग्रेस ने गठबंधन के भीतर बिना किसी ठोस चर्चा के अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया।राज्यसभा की ये दो सीटें शिबू सोरेन के निधन और भाजपा के दीपक प्रकाश का कार्यकाल समाप्त होने के कारण खाली हुई हैं। झारखंड विधानसभा में बहुमत के आंकड़ों के लिहाज से गठबंधन को जीत के लिए प्रति सीट 28 वोटों की आवश्यकता है, और ‘इंडिया’ (INDIA) ब्लॉक के पास कुल 56 विधायक हैं, जो दोनों सीटें जीतने के लिए पर्याप्त हैं। हालांकि, गठबंधन के भीतर इस खींचतान और भाजपा द्वारा भी उम्मीदवार उतारने की तैयारी के बीच आगामी 18 जून को होने वाले मतदान के लिए राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज हो गई है।