Adityapur News: बच्चों के अंतिम संस्कार हेतु विशेष उद्यान, 11 लाख से लगा आधुनिक फर्नेस, दानदाताओं के सहयोग से पार्वती घाट का विस्तार, कल से मिलेंगी कई नई सुविधाएं
सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर : पार्वती घाट समिति ने नागरिकों के लिए कल, 6 जून से घाट परिसर में कई नई सुविधाएं शुरू करने की घोषणा की है. समिति ने बताया कि घाट में एक नया आधुनिक लकड़ी फर्नेस स्थापित किया गया है, जिसमें अन्य पारंपरिक फर्नेस की तुलना में लगभग 100 किलोग्राम लकड़ी की आवश्यकता होती है. इस फर्नेस में शवदाह कम समय में संपन्न होगा तथा चिमनी के माध्यम से धुआं निकलने की व्यवस्था होने से प्रदूषण भी कम होगा. इस परियोजना के लिए कृष्ण मुरारी गुप्ता ने 11 लाख रुपये का योगदान दिया है.
साथ ही पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों के अंतिम संस्कार हेतु ‘देव आत्मा उद्यान’ का निर्माण किया गया है. हिंदू परंपरा के अनुसार छोटे बच्चों को दफनाने की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विकसित इस उद्यान में छह अलग-अलग सीमांकित क्षेत्र बनाए गए हैं, जिनमें प्रत्येक की क्षमता लगभग 80 शवों की है. इस सुविधा के निर्माण में रतनलाल, नवीन, नीरज अग्रवाल, अनिल, तुषित अग्रवाल, महेश अग्रवाल, खुशमन भाई उदाणी, उमा नाथूलाल, आशा, नवीन पोद्दार, मंजू देवी, राहुल एवं विशाल साव ने प्रति परिवार 5 लाख रुपये का योगदान दिया है. इसके अलावा घाट परिसर स्थित ‘पवित्र निकेतन’ (शौचालय एवं स्नान क्षेत्र) के नवीनीकरण कार्य के लिए निर्मल भाई पांड्या ने 5 लाख रुपये का दान दिया है.

