गोपाल मैदान में 9 से 11 तक बसेगी साहित्य की ‘दुनिया’
जिला प्रशासन का आयोजन साहित्य उत्सव, देश के कई नामी कवियों की रहेगी मौजूदगी
जमशेदपुर : जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम द्वारा प्रथम पूर्वी सिंहभूम साहित्य उत्सव का आयोजन आगामी 9 से 11 जनवरी तक बिष्टुपुर गोपाल मैदान में किया जाएगा. साहित्य उत्सव की तैयारी, सहभागिता एवं अन्य विषयों को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम अर्नव मिश्रा ने समाहरणालय सभागार में प्रेस वार्ता को संबोधित कर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की. उन्होने बताया कि यह उत्सव साहित्य, कला, संस्कृति और जनजातीय विरासत के संरक्षण व प्रसार की दिशा में एक पहल है. तीन दिवसीय आयोजन में जिला, राज्य और देश के प्रतिष्ठित साहित्यकार, कवि, लेखक, इतिहासकार, विचारक एवं सांस्कृतिक कर्मी भाग लेंगे. अनुमंडल पदाधिकारी ने जिले के सभी साहित्यप्रेमियों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं सभी नागरिकों से अपील की कि इस साहित्य उत्सव में सहभागिता कर इसे सफल बनाएं.
बताया कि उक्त उत्सव में जिन प्रमुख साहित्यकारों एवं बुद्धिजीवियों की सहभागिता होगी, उनमें पद्मश्री डॉ. जानुम सिंह सोय, पद्मश्री हलधर नाग, पद्मश्री डॉ. पुष्पेश पंत, डॉ. नारायण उरांव, डॉ. अनुज लुगुन, डॉ. पार्वती तिर्की, डॉ. अशोक कुमार सेन, डॉ. प्रज्ञा शर्मा, डॉ. हिमांशु बाजपेयी, डॉ. सुरिंदर सिंह जोधका, डॉ. नेहा तिवारी, जेरी पिंटो, नीलोत्पल मृणाल, चंद्रहास चौधरी, महादेव टोप्पो, संजय कच्छप, निरंजन कुजूर, रणेन्द्र कुमार, रजा काजमी, बिक्रम ग्रेवाल, अक्षय बहिबाला, राहुल पंडिता, सौरव रॉय, प्रेमचंद उरांव, रविंद्रनाथ मुर्मू, यदुंवश प्रणय, अनुकृति उपाध्याय, जोबा मुर्मू, शताब्दी मिश्रा सहित अनेक साहित्यकार शामिल हैं. मौके पर सांस्कृतिक एवं कला गतिविधियां, साहित्यिक सत्रों के साथ-साथ दर्शकों के लिए लाइव ग्लिटर आर्ट, लाइव पेंटिंग, लाइव पॉटरी, लाइव बैंड परफॉर्मेंस, जनजातीय नृत्य द्वारा पारंपरिक स्वागत, नाट्य प्रस्तुति ‘लोहे का आदमी और लोहारिन’, स्थानीय छऊ नृत्य, जनजातीय खेलों की प्रस्तुति एवं पुस्तक/कहानी स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र होंगे.
