शहर में पहली बार निकली देशभर के 12 ज्योतिर्लिंग की रथयात्रा
बाराद्वारी से आरंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए सिदगोड़ा सेवा केन्द्र में हुआ समापन, सैकड़ों श्रद्धालु शामिल
जमशेदपुर : महाशिवरात्रि के अवसर पर शनिवार को बाराद्वारी सेवा केंद्र की ओर से 12 ज्योतिर्लिंग की रथ व कलश यात्रा निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए सिदगोड़ा केन्द्र पहुंचकर संपन्न हुई. प्रात: 8 से आरंभ होकर संध्या 7 बजे तक यह रथयात्रा का आयोजन हुआ, जिसमें पूरे देश में स्थापित भगवान शिव की 12 ज्योतिर्लिंग को एक रथ के स्वरूप में पहली बार शहर भ्रमण कराया गया. इस कार्यक्रम में अतिथियों के रुप में भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजू गिरि, पत्रकार बृज भूषण सिंह, पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी आदि ने यात्रा का शुभारंभ किया. बाद में संध्याबेला में बृजभूषण सिंह ने यात्रा का समापन शिव ध्वज फहराकर किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी ब्रह्मा कुमारीज भाई बहनों का विशेष सहयोग रहा. यात्रा के पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने इसका अभिवादन करने के साथ-साथ यात्रा में शामिल लोगों की सेवा भी की.
बाराद्वारी केन्द्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी सुधा बहन ने बताया कि महाशिवरात्रि का महापर्व कई आध्यात्मिक रहस्यों को समेटे हुए हैं. यह पर्व सभी पर्वों में महान और श्रेष्ठ है, क्योंकि शिवरात्रि परमात्मा के दिव्य अवतरण का यादगार महापर्व है. उन्होंन कहा कि 12 ज्योतिर्लिंग रथ यात्रा केवल व्यक्तिगत नहीं, सामूहिक कल्याण की भावना है. जप, कीर्तन और ध्यान से पूरे क्षेत्र का वातावरण शुद्ध होता है.
रथ सह कलश यात्रा का मार्ग
न्यू बाराद्वारी से आरंभ होकर यात्रा रामलीला मैदान, साकची गोलचक्कर, बसंत टॉकीज, साकची मनोकामना मंदिर, सागर होटल, हावड़ा ब्रिज, दुईलाडूंगरी गुरुद्वारा, होटल विवांता, गोलमुरी हनुमान मंदिर, एग्रिको गोलचक्कर, तारापोर स्कुल चौक, अभिनन्दन होटल, हरिजन बस्ती, कालिंदी क्लब बल्ले चौक, भूईयांडीह पार्क, राधाकृष्ण मंदिर, गया बस्ती, ब्राह्मण टोला, हनुमान सेठ चक्की, भुइयांडीह लिट्टी चौक, एग्रिको गोलचक्कर, सिदगोड़ा मार्केट, सूर्य मंदिर सिदगोड़ा थाना हुए सिदगड़ा ब्रह्माकुमारीज सेवा केन्द्र में संपन्न हुआ.
शिव ध्वजारोहण कर लिया बुराइयों को छोडऩे का संकल्प
जीवन की बुराइयां शिव पर अर्पण करना ही सच्ची शिवरात्रि मनाना है.
परमात्मा के अवतरण का महापर्व है महाशिवरात्रि.
शिव संदेश : अंधकार को मिटाकर ज्ञान की ज्योत जगाएं.
मनुष्यात्माओं के परमपिता हैं परमात्मा शिव.
शिव पर अक-धतूरा नहीं, अपनी बुराइयां अर्पण करें.
जीवन की समस्याओं को शिव को सौंप दें शिव ध्वजारोहण कर भाई-बहनों को कराई प्रतिज्ञा.
