March 29, 2026

हुडको एकादश का डिमना एकादश पर जर्बदस्त जीत

IMG-20260202-WA0001

टाटा स्टील के उपाध्यक्ष सुंदर रामम, विधायक सरयू व श्रीलेदर्स के शेखरडे ने किया मीडिया कप क्रिकेट का उद्घाटन

hemkund-public-school

जमशेदपुर : स्थानीय कीनन स्टेडियम में सोमवार से मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हो गया. उद्घाटन मुकाबले में हुडको एकादश ने डिमना एकादश को आठ विकेट से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डिमना एकादश ने निर्धारित 15 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 108 रन बनाए. टीम की ओर से अमजद ने 21 गेंदों पर 32 रन और शेखर ने 29 गेंदों पर 22 रन की पारी खेली. हुडको की ओर से गेंदबाजी में जीतेंद्र और रंधीर को एक-एक विकेट मिला. लक्ष्य का पीछा करने उतरी हुडको एकादश ने मात्र 13.2 ओवर में दो विकेट खोकर 113 रन बनाते हुए मैच जीत लिया. राघवेंद्र ने 38 गेंदों पर शानदार 42 रन बनाए, जबकि जीतेंद्र ने 22 गेंदों पर 22 रन का योगदान दिया. डिमना की ओर से राज प्रसाद और सुरेंद्र को एक-एक विकेट मिला. राघवेंद्र को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया.
इससे पूर्व उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें टाटा स्टील के वीपी-सीएस डी.बी. सुंदर रामम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. वहीं विधायक सरयू राय, श्रीलेदर्स के संचालक शेखर डे तथा टीएसयूआईएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए. अपने संबोधन में डी.बी. सुंदर रामम ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि खेल भावना से ही खेल को आगे बढ़ाया जा सकता है. विधायक सरयू राय ने पत्रकारों द्वारा की गई इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन आपसी मेल-जोल और खेल भावना को बढ़ावा देते हैं. शेखर डे ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ भाईचारे को भी मजबूत करती है. अतुल भटनागर ने भी मीडिया कप क्रिकेट आयोजन की प्रशंसा की.
समारोह में प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, महासचिव विनय पूर्ति और कोषाध्यक्ष अजय महतो ने अतिथियों को पौधा और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया. इस अवसर पर टाटा स्टील खेल विभाग के प्रमुख मनीष सिन्हा, कृपाल सिंह, संजय कुमार मिश्रा, सतीश सिंह, दैनिक भास्कर के संपादक कुमार भवानंद, प्रभात खबर के संपादक संजय मिश्रा, चमकता आईना के संपादक जयप्रकाश राय, आनंद कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन न्यू इस्पात मेल के संपादक बृजभूषण सिंह ने किया. अतिथियों ने मैदान पर पहुंचकर खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया और मैच के शुभारंभ की घोषणा की.

रणजी ट्रॉफी कल से, मीडिया कप 10 के बाद शिफ्ट
कीनन स्टेडियम में 6-10 फरवरी तक झारखंड और उत्तराखंड के बीच रणजी ट्रॉफी का क्वार्टर फाइनल मैच शुरू हो रहा है. इसलिए कल, 3 फरवरी से ही ग्राउंड में मैच टालना पड़ रहा है. झारखंड और उत्तराखंड के बीच होनेवाले मैच को लेकर बीसीसीआई के पिच क्यूरेटर और ब्रॉडकास्टिंग टीम कीनन स्टेडियम पहुंच कर कल से तैयारी शुरू करेगी. मैच आम लोगों के लिये प्रतिबंधित हो जाएगा. इस मैच को दस फरवरी के बाद शिफ्ट किया जा रहा है. मैच की अगली तिथि के बारे में कल सूचना ग्रुप में और कप्तानों को दे दी जाएगी, जिसमें शिफ्ट होनेवाले मैचों के कार्यक्रम होंगे. आयोजन समिति ने कहा कि रणजी ट्राफी का क्वार्टर फाइनल मैच हम सबों के लिए गौरव की बात है, इसलिये हम खुले दिल से मैच का सपोर्ट करें. सभी टीमें जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अपना अभ्यास जारी रख सकते हैं.

You may have missed