जमशेदपुर : शहर के जाने-माने अधिवक्ता नित्यानंद महतो को सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन में नियमित सदस्यता मिलने पर नई दिल्ली में सम्मानित किया गया. यह सम्मान उन्हें ऑल इंडिया बार एसोसिएशन द्वारा प्रदान किया गया, जो उनके पेशेवर जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है. गौरतलब है कि लगभग दो दशक पहले नाना पाटेकर के हाथों जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित हो चुके श्री महतो को अब कानूनी क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुआ. यह सम्मान समारोह नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के स्पीकर हॉल एनेक्स में आयोजित हुआ, जहां सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश के जी बालकृष्णन और आल इंडिया बार एसोसिएशन के चेयरमैन डॉ आदिस सी अग्रवाल ने उन्हें सम्मानित किया. कार्यक्रम में बार के कई प्रतिष्ठित सदस्य और सेवानिवृत्त न्यायाधीश भी उपस्थित थे. नियमित सदस्यता के लिए निर्धारित पात्रता मानदंडों में दो वर्षों तक प्रत्येक वर्ष कम से कम 20 मामलों में उपस्थिति जैसी सख्त शर्तें शामिल हैं, जिन्हें श्री महतो ने सफलतापूर्वक पूरा किया. उल्लेखनीय है कि नित्यानंद महतो समाजसेवा, एडवेंचर, राफ्टिंग और शिक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय रहे हैं और इन क्षेत्रों में राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर कई सम्मान प्राप्त कर चुके हैं.