Jamshedpur Fighter Jet In Sky : लौहनगरी के आसमान में गरजा फाइटर जेट, लोगों में कौतूहल और दहशत का माहौल
तेज रफ्तार और गर्जना से सहमे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फाइटर जेट की रफ्तार बेहद तेज थी और उसकी आवाज इतनी तेज थी कि लोग अनहोनी की आशंका में अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए. सोनारी हवाई अड्डे के आसपास के क्षेत्रों में विमान काफी नीचे और करीब से गुजरता हुआ महसूस हुआ. अचानक आई इस तेज गर्जना से कई लोग घबरा गए, वहीं कुछ लोग उत्सुकता में अपने घरों की छतों और सड़कों पर निकल आए. लोगों ने इस दुर्लभ दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करने की कोशिश भी की.
आसमान में चक्कर लगाता दिखा विमान
स्थानीय लोगों का कहना है कि फाइटर जेट कुछ समय तक शहर के आसमान में चक्कर लगाता रहा. इससे यह कयास लगाए जा रहे हैं कि यह कोई सैन्य अभ्यास (एयर एक्सरसाइज) का हिस्सा हो सकता है. हालांकि, विमान ने सोनारी एयरपोर्ट पर लैंड नहीं किया.
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
अब तक इस घटना को लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी या वायुसेना की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. ऐसे में लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं—कोई इसे नियमित अभ्यास बता रहा है तो कोई इसे विशेष मिशन से जोड़कर देख रहा है.
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी गतिविधियां
शहर के कुछ वरिष्ठ नागरिकों का कहना है कि समय-समय पर इस तरह की सैन्य गतिविधियां देखने को मिलती रही हैं, खासकर जब आसपास के एयरबेस से अभ्यास उड़ानें होती हैं.
लोगों में रोमांच और सवाल
घटना के बाद शहर में इस फाइटर जेट को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है. जहां एक ओर लोगों में रोमांच देखा गया, वहीं दूसरी ओर अचानक हुई इस गतिविधि ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं. फिलहाल सभी की नजरें आधिकारिक पुष्टि पर टिकी हैं, जिससे यह साफ हो सके कि आखिर जमशेदपुर के आसमान में इस फाइटर जेट की उड़ान का उद्देश्य क्या था.
