April 21, 2026

Jamshedpur Deputy Commissioner Inspected Ghatshila Sub Treasury : प्रत्येक भुगतान एवं निकासी निर्धारित नियमों के अनुरूप हो

IMG-20260416-WA0004

उपायुक्त ने घाटशिला उप कोषागार का किया निरीक्षण

जमशेदपुर : जिला के वित्तीय प्रबंधन को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने घाटशिला उप कोषागार का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कोषागार में संचालित विभिन्न प्रक्रियाओं का अवलोकन करते हुए पारदर्शिता, जवाबदेही एवं नियमों के कड़ाई से अनुपालन पर बल दिया. उपायुक्त ने कहा कि कोषागार जिला प्रशासन की वित्तीय गतिविधियों का केंद्रीय तंत्र है, इसलिए प्रत्येक भुगतान एवं निकासी निर्धारित नियमों के अनुरूप ही होनी चाहिए. उन्होंने कोषागार पदाधिकारी को निर्देशित किया कि सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों द्वारा प्रस्तुत विपत्रों की सावधानीपूर्वक जांच सुनिश्चित करें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि या अनियमितता की संभावना न रहे.
उपायुक्त ने विशेषकर वेतन एवं मानदेय भुगतान से जुड़े मामलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि भुगतान से पूर्व संबंधित कर्मियों के सेवा अभिलेखों का सत्यापन किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कर्मी वास्तव में कार्यरत है. साथ ही बैंक खाता संबंधी विवरणों का मिलान भी अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि न हो.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कोषागार में पदस्थापित एवं प्रतिनियुक्त कर्मियों की उपस्थिति एवं उनकी अवधि की जानकारी ली. इसके अतिरिक्त बुक ट्रांसफर, विभिन्न प्रकार के आवंटन तथा अप्रयुक्त राशि की स्थिति की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने कहा कि जिन योजनाओं या मदों में आवंटित राशि का उपयोग संभव नहीं है, उसे समय रहते संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर वापस किया जाए. साथ ही लंबित एसी/डीसी विपत्रों को नियमित रूप से निष्पादित करने एवं पीएल खातों की साप्ताहिक समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया. इस अवसर पर एसडीएम घाटशिला सुनील चंद्र, कोषागार पदाधिकारी, जमशेदपुर, उप कोषागार पदाधिकारी, घाटशिला सहित अन्य संबंधित उपस्थित थे.

You may have missed