Jamshedpur MLA Sanjeev Sardar Ka Pollution Control Board Ko Letter : किसानों की जमीन व पर्यावरण के नुकसान पर जताई चिंता, रोक लगाने की मांग
फ्लाई ऐश डंपिंग पर सख्त हुए विधायक, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को लिखा पत्र
पोटका : पोटका के विधायक संजीव सरदार ने जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में टाटा पावर लिमिटेड द्वारा फ्लाई ऐश के कथित अनियंत्रित डंपिंग को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. इस संबंध में उन्होंने झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को पत्र लिखकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है. अपने पत्र में विधायक ने उल्लेख किया है कि कई ग्रामीण क्षेत्रों में बिना निर्धारित नियमों और आवश्यक अनुमति के खेती योग्य जमीनों पर फ्लाई ऐश गिराया जा रहा है. इससे न केवल पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन हो रहा है, बल्कि किसानों की आजीविका और उनकी जमीन की उर्वरता पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है.
विधायक ने कहा कि फ्लाई ऐश से निकलने वाला धूल मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है. इसके कारण सांस संबंधी बीमारियां, फेफड़ों की समस्याएं सहित कई अन्य स्वास्थ्य जोखिम बढ़ रहे हैं. साथ ही इसका असर मिट्टी और कृषि उत्पादन पर भी पड़ रहा है, जिससे ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. विधायक संजीव सरदार ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मांग की है कि फ्लाई ऐश की अवैध डंपिंग पर तत्काल रोक लगाई जाए और भविष्य में इस तरह की गतिविधियों को नियंत्रित किया जाए.

