उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को, डीसी ने सेंटर ऑब्जर्वर्स के साथ की बैठक
जमशेदपुर : कल, रविवार (12 अप्रैल) को आयोजित होनेवाली झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा के सफल एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में सभी प्रतिनियुक्त सेंटर ऑब्जर्वर्स के साथ बैठक हुई. उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर समय पर तैयारी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित प्राप्ति एवं वितरण, परीक्षार्थियों के प्रवेश की सुव्यवस्थित व्यवस्था तथा निर्धारित समयानुसार परीक्षा संचालन सुनिश्चित करना केंद्राधीक्षकों की प्रमुख जिम्मेदारी है.
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक केंद्र पर परीक्षार्थियों का सघन तलाशी, बायोमेट्रिक उपस्थिति एवं प्रवेश प्रक्रिया का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए. साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार के प्रतिबंधित सामग्री का प्रवेश न हो. केंद्राधीक्षक परीक्षा अवधि के दौरान सतत निगरानी बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल वरीय पदाधिकारियों को सूचित करते हुए आवश्यक कार्रवाई करें.