March 29, 2026

मनमानी शुल्क वसूली और पार्किंग कर्मचारियों के व्यवहार पर बिफरे सरयू

IMG-20250829-WA0005

5310 रुपये पार्किंग शुल्क वसूली मामले में एरिया मैनेजर से मांगी जानकारी

hemkund-public-school

जमशेदपुर, 29 अगस्त : जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने टाटानगर रेलवे स्टेशन के पार्किंग में यात्रियों/नागरिकों से मनमानी शुल्क वसूलने और पार्किंग कर्मचारियों द्वारा भयादोहन करने पर कड़ी नाराजगी जतायी है. उन्होंने रेलवे और ठेकेदार के बीच हुए समझौता शर्तों के बाबत जानकारी मांगी और कहा कि 5 घंटे वाहन खड़ा करने के एवज में वसूला गया 5310 रुपये न्याय संगत नहीं प्रतीत होता. टाटानगर रेलवे के एरिया मैनेजर के भेजे ज्ञापन में सरयू राय ने लिखा कि विगत दिनों समाचार माध्यमों से वह अवगत हुए कि टाटानगर रेलवे स्टेशन के पार्किंग में किसी यात्री से 5 घंटा वाहन खड़ी करने के लिए 5310 रु. का पार्किंग शुल्क वसूला गया. वहां कार्यरत कर्मचारियों का व्यवहार भी आमजनों के प्रति काफी रुष्ट होने और भयादोहन करने की शिकायत भी आम है.
श्री राय ने लिखा कि रेलवे पार्किंग में आए दिन किसी न किसी विवाद का समाचार भी प्रकाशित होता रहता है. इससे आम जन और यात्रियों में पार्किंग शुल्क को लेकर असमंजस की स्थिति तो बनी ही हुई है साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर टाटानगर रेलवे स्टेशन की छवि को भी क्षति पहुँच रही है. यह मामला अत्यंत गंभीर एवं आम नागरिकों से जुड़ा हुआ है. इसलिए इसमें तत्काल सुधार करवाने तथा दोषियों पर कारवाई करने की आवश्यकता है.
सरयू ने ज्ञापन में रेलवे और ठेकेदार के बीच हुए एग्रीमेंट की शर्तों के बारे में जानकारी मांगी, जिसके आधार पर पार्किंग शुल्क तय किया गया है. इसके साथ ही ⁠उन्होंने यह भी जानना चाहा है कि जमशेदपुर में ठेका का बेस रेट इतना अधिक क्यों रखा गया है? क्या रेलवे बोर्ड ने इसके लिए कोई मापदंड तय किया है? रांची, पटना आदि स्टेशनों पर यह समस्या क्यों नहीं हो रही है?
उन्होंने यह भी जानना चाहा कि रेलवे द्वारा सभी प्रकार के वाहनों और विभिन्न टाइम स्लॉट के लिए क्या शुल्क निर्धारित किया गया है? यह भी जानना चाहा कि पार्किंग कर्मचारियों द्वारा आम जनों के साथ अभद्र व्यवहार करने और मारपीट तक उतारू होने पर रेलवे प्रशासन द्वारा क्या कारवाई करने का प्रावधान है?
श्री राय का ज्ञापन लेकर आए प्रतिनिधिमंडल को एरिया मैनेजर ने आश्वस्त किया कि मांगी गई जानकारी दो दिनों के अंदर उपलब्ध करा दी जाएगी. प्रतिनिधिमंडल में जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष नीरज सिंह, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अमृता मिश्रा, महामंत्री कुलविंदर सिंह पन्नू मौजूद रहे.

You may have missed