प्रतिनिधिमंडल ने एसपी को सौंपा मांग पत्र
जमशेदपुर : शहर में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर अंतराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन झारखंड इकाई ने कड़ा रुख अपनाया है. प्रदेश महासचिव विकास गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को मांग पत्र सौंपकर शहर की मौजूदा स्थिति पर चिंता जाहिर की. प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि शहर में चोरी, लूट, छेड़छाड़, वाहन चोरी और नशाखोरी जैसी घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. अपराधी खुलेआम चापड़ जैसे हथियारों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल बना हुआ है. साथ ही, पुलिस गश्त में कमी के कारण महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.
पत्र के माध्यम से उन्होंने संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई करने, रात के समय विशेष सुरक्षा अभियान चलाने, हेल्पलाइन सेवाओं और त्वरित पुलिस सहायता को और मजबूत करने की मांग की. विकास गुप्ता ने कहा कि यदि समय रहते इन समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है. उन्होंने प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की. इस दौरान सतीश गुप्ता, अभिषेक बजाज, राकेश साहू, ऋषि गुप्ता, नारायण जायसवाल, चंदिका जैन, मुरारी अग्रवाल, दिनेश प्रसाद सहित वैश्य समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.