Jamshedpur LPG Gas Crisis : जमशेदपुर की रसोई तक अंतरराष्ट्रीय तनाव की आंच, गैस बुकिंग में बाधा, Black Marketing से उपभोक्ता बेहाल
Jamshedpur LPG Gas Crisis
Jamshedpur/Jharkhand : अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर अब स्थानीय स्तर पर भी दिखने लगा है। वैश्विक उथल-पुथल के बीच औद्योगिक नगरी जमशेदपुर में रसोई गैस (LPG) की आपूर्ति को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। शहर के उपभोक्ताओं को न केवल सिलेंडर की बुकिंग में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि बाजार में गैस की भारी कालाबाजारी की शिकायतें भी प्रशासन के लिए सिरदर्द बन गई हैं।
गैस एजेंसियों पर उमड़ रही है उपभोक्ताओं की भीड़
बुधवार को जुगसलाई स्थित गैस एजेंसी के बाहर ग्राहकों की भारी भीड़ देखी गई। यहां पहुंचे उपभोक्ता परेशान दिखे और बुकिंग को लेकर अपनी शिकायत करते सुने गए। गैस बुक कराने पहुंची एक महिला और एक अन्य उपभोक्ता ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से हम ऑनलाइन बुकिंग की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हर बार प्रयास विफल हो रहा है। मजबूर होकर हमें सीधे एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि समय पर बुकिंग न होने से घरों में चूल्हा जलना मुश्किल हो गया है।
कालाबाजारी का खेल : 1000 का सिलेंडर 2000 रुपये में!
सप्लाई चेन में आई कथित बाधा का फायदा अब बिचौलिये उठाने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शहर के कई इलाकों में घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी शुरू हो गई है।
शिकायत : जिन सिलेंडरों की आधिकारिक कीमत लगभग 1000 रुपये है, उन्हें अवैध रूप से 1800 से 2000 रुपये तक में बेचा जा रहा है। आम आदमी पर इस महंगाई और कृत्रिम किल्लत की दोहरी मार पड़ रही है।
एजेंसी संचालकों की सफाई
दूसरी ओर, एजेंसी संचालकों ने किसी भी तरह से गैस की कमी से साफ इनकार किया है। उनका कहना है कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य है। गैस की सप्लाई में कोई बड़ी बाधा नहीं है और सभी को सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
तकनीकी खामी : ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम में कुछ समय के लिए तकनीकी समस्या आई थी, जिसे अब ठीक कर लिया गया है।
पैनिक बुकिंग : अंतरराष्ट्रीय युद्ध की खबरों और अफवाहों के कारण लोग जरूरत से ज्यादा सिलेंडर जमा करने (Hoarding) की कोशिश कर रहे हैं, जिससे वितरण प्रणाली पर दबाव बढ़ गया है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
शहर के विभिन्न मोहल्लों में गैस को लेकर अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। निवासियों का कहना है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही वितरण और कीमतों पर निगरानी नहीं रखी, तो स्थिति और बिगड़ सकती है। उपभोक्ताओं ने मांग की है कि कालाबाजारी करने वालों पर नकेल कसी जाए और जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर मुहैया कराए जाएं।
Also Read : Supreme Court allows passive euthanasia : न्यायालय ने दी 32 वर्षीय युवक को निष्क्रिय इच्छामृत्यु की अनुमति
