Jamshedpur Incident : ट्यूशन शिक्षक ने दो बच्चों को पीट-पीट कर किया जख्मी, जुगसलाई थाना में शिकायत
Jamshedpur Tuition Teacher Brutality
Jamshedpur/Jharkhand : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में ट्यूशन पढ़ाने वाले एक शिक्षक की क्रूरता का मामला सामने आया है। आरोप है कि परीक्षा में कम अंक आने से नाराज़ शिक्षक ने दो छोटे बच्चों को बुरी तरह पीट दिया। इस मारपीट में एक बच्ची की उंगली टूट गई, जबकि दोनों बच्चों के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं।
बच्ची की उंगली फ्रैक्चर, शरीर में कई निशान
बताया जाता है कि जैसे ही शिक्षक प्रभात ने बच्चों के कम अंक देखे, वह गुस्से से भड़क उठा और दोनों को डंडे और हाथ से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। बच्चों को इस तरह पीटा गया कि उनके शरीर पर चोट के गहरे निशान पड़ गए और मायरा फिरदौस की एक उंगली भी फ्रैक्चर हो गई।
शिक्षक को धक्का देकर भागा बच्चा
बच्चों की मां तैयबा ने बताया कि जब वह शाम को ट्यूशन से बच्चों को लेने पहुंचीं तो उनका बेटा डरा हुआ था। वह शिक्षक को धक्का देकर भाग आया। घर पहुंचने पर जब बच्चों की हालत देखी गई तो परिजनों के होश उड़ गए। दोनों बच्चों के शरीर पर मारपीट के निशान थे और बेटी की उंगली टूट चुकी थी। इफ्तार के समय बच्चों की हालत देखकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
शिक्षक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
घटना से आक्रोशित परिजनों ने मंगलवार की रात जुगसलाई थाना पहुंचकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बच्चों का प्राथमिक उपचार कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आरोपित शिक्षक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
