बिहार के गया जिले के डोभी इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पार्सल वैन से 302 किलो गांजा बरामद किया है। बहेरा थाना पुलिस ने वाहन जांच के दौरान इस वैन को रोका, जहां तलाशी लेने पर भारी मात्रा में मादक पदार्थ मिला। इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस डोभी-चतरा मुख्य मार्ग पर नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान झारखंड की ओर से आ रही एक संदिग्ध पार्सल वैन को रोककर जांच की गई। शुरुआत में वाहन चालक पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन जब पुलिस ने गाड़ी की गहन तलाशी ली तो अंदर छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक जब्त किए गए गांजे का वजन करीब 302 किलो है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपी पटना जिले के अथमलगोला के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
बहेरा थाना प्रभारी रविरंजन कुमार ने बताया कि मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का मानना है कि इसके पीछे एक बड़ा तस्करी गिरोह सक्रिय हो सकता है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य लोगों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।