जमशेदपुर को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज में पुस्तकालय, मूट कोर्ट और स्टाफ रूम स्थापित होंगे, बार काउंसिल की सभी शर्तें पूरी करने पर हाई पावर कमेटी का जोर
सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर : जमशेदपुर को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज की हाई पावर कमेटी की बैठक कॉलेज के प्राचार्य कक्ष में हुई, जिसकी अध्यक्षता कोल्हान विवि के सिंडिकेट एवं सीनेट सदस्य तथा समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ल ने की. बैठक में कोल्हान विवि के कुलानुशासक डॉ. राजेंद्र भारती, सीनेट सदस्य लखन मार्डी, जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कृष्णा प्यारे, विश्वविद्यालय विधि कोषांग के समन्वयक डॉ. संजीव कुमार विरुली तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जितेंद्र कुमार उपस्थित रहे. श्री शुक्ल ने कहा कि यह झारखंड का एकमात्र सरकारी विधि महाविद्यालय है और इसे आदर्श शैक्षणिक केंद्र (गुरुकुल) के रूप में विकसित करने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे. संस्थान में बेहतर आधारभूत संरचना उपलब्ध कराकर बार काउंसिल ऑफ इंडिया की सभी आवश्यक शर्तों को पूरा कराया जाएगा.बैठक में सर्वसम्मति से महाविद्यालय में समृद्ध पुस्तकालय, मूट कोर्ट, स्टाफ रूम की स्थापना, शिक्षकों की कमी को दूर करने तथा छात्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव पारित किया गया. साथ ही सत्र को नियमित रूप से संचालित करने, परीक्षा समय पर आयोजित करने, सीसीटीवी व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया. बैठक में 2026-29 सत्र के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया से संबद्धता मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की गई तथा विश्वविद्यालय से प्रवेश परीक्षा शीघ्र आयोजित करने का आग्रह किया गया. मौके पर समिति ने श्री शुक्ल के नेतृत्व में निर्माणाधीन नए भवन का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया.
