February 11, 2026

जुगसलाई में ‘चेतना मार्च’ से कल गूंजेगा त्याग व बलिदान का संदेश

IMG-20251224-WA0000

शहीदी सप्ताह

जमशेदपुर : श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबजादों, माता गुजर कौर जी तथा अमर शहीद सिंहों की अद्वितीय शहादत को समर्पित शहीदी सप्ताह के अंतर्गत स्टेशन रोड, जुगसलाई स्थित गुरुद्वारा साहिब में धार्मिक आस्था, अनुशासन और वीरता की भावना के साथ विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. इसी क्रम में गुरुवार, 25 दिसम्बर को प्रातः 6 बजे चेतना मार्च का आयोजन होगा, जिसमें काफी संख्या में संगत शामिल होगी.
‘चेतना मार्च’ गुरुद्वारा साहिब स्टेशन रोड से आरंभ होकर गुरुद्वारा साहिब गौरी शंकर रोड, जुगसलाई, चौक बाजार, घोड़ा चौक होते हुए पुनः गुरुद्वारा साहिब स्टेशन रोड पर संपन्न होगा. मार्च के माध्यम से शहीद साहिबजादों के त्याग, बलिदान और धर्म की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च योगदान को स्मरण करते हुए समाज को सत्य, साहस और एकता का संदेश दिया जाएगा.
गौरतलब है कि शहीदी सप्ताह के अंतर्गत गुरुद्वारा साहिब स्टेशन रोड, जुगसलाई में 20 से 27 दिसम्बर तक प्रतिदिन सायं 6:30 बजे से 8:45 बजे तक गुरमत समागम का आयोजन किया जा रहा है. इसी क्रम में भाई सोहन सिंह द्वारा सोदर साहिब का पाठ हुआ, जिसके पश्चात हजूरी रागी जत्था भाई अमृतपाल सिंह गुरबानी कीर्तन प्रस्तुत किया. इसके बाद भाई अमृतपाल सिंह ने गुरमत विचार के माध्यम से शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया. कार्यक्रम का समापन सामूहिक जप जी साहिब के पाठ के साथ हुआ. स्टेशन रोड, जुगसलाई गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी ने समस्त श्रद्धालुओं से चेतना मार्च एवं शहीदी सप्ताह के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शहीद साहिबजादों को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है.