March 18, 2026

खराब पड़े एम्बुलेंस को मरम्मत कर उपयोग के लायक बनाएं

IMG-20260317-WA0000

प्रमंडलीय आयुक्त कोल्हान रविरंजन कुमार विक्रम ने एमजीएम अस्पताल का किया निरीक्षण

जमशेदपुर : कोल्हान प्रमंडलीय आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम ने आज एमजीएम अस्पताल का निरीक्षण किया तथा अस्पताल प्रबंधन के साथ बैठक कर चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया. उन्होंने अस्पताल के ओपीडी में पंजीकरण, रोस्टर के अनुसार डॉक्टरों की उपलब्धता तथा मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली.
तत्पश्चात आयुक्त की अध्यक्षता में अस्पताल प्रबंधन के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई. इस दौरान अस्पताल में 31 तक तरल चिकित्सा ऑक्सीजन को पाइपलाईन के माध्यम से चिकित्सा कक्ष तक निर्बाध आपूर्ति हेतु एलएमओ एवं पीएसए प्लांट को क्रियाशील करने हेतु निर्देश दिया. अस्पताल प्रबंधन को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लंबित मामलों के ससमय निष्पादन तथा जरूरतमंद मरीजों को एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया. खराब पड़े सभी एम्बुलेंस को मरम्मत कर उपयोग के लायक बनाने तथा सभी आईसीयू को पूर्ण रूप से संचालित करने का निर्देश दिया गया. मरीजों की सुविधा हेतु माह अप्रैल तक अमृत फार्मेसी एवं जनऔषधि केंद्र के संचालन तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत सभी स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए. इस दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, डीटीओ धनंजय, अधीक्षक एमजीएम डा. बलराम झा, अस्पताल अधीक्षक डॉ. जुझार माझी सहित अन्य उपस्थित थे.

पेयजल समस्या का समाधान 20 अप्रैल तक करें
बैठक में अस्पताल में पेयजल समस्या के समाधान हेतु मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त को समन्वय हेतु निर्देशित किया तथा 20 अप्रैल तक अस्पताल में पेयजल समस्या का समाधान सुनिश्चित करने को कहा. इसके अतिरिक्त बायो मेडिकल वेस्ट का नियमानुसार निष्पादन करने, पैथोलॉजिकल जांच की स्थिति में सुधार लाने एवं अनटाइड फंड के व्यय की समीक्षा कर अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया.