May 15, 2026

Kolhan University: NSS की दो दिवसीय बैठकों का समापन, सामाजिक सरोकारों एवं युवा सहभागिता पर हुआ मंथन

IMG-20260515-WA0012

सर्च न्यूज: सच के साथ: चाईबासा, 15 मई 2026 :कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) से संबंधित दो दिवसीय बैठकों का सफलतापूर्वक समापन हुआ। पहले दिन कार्यक्रम पदाधिकारियों की वार्षिक बैठक तथा दूसरे दिन 6वीं NSS सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। दोनों बैठकों में NSS गतिविधियों को सशक्त बनाने, युवा सहभागिता बढ़ाने तथा समाज सेवा से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।पहले दिन आयोजित वार्षिक बैठक में NSS क्षेत्रीय निदेशक, पटना श्री विनय कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में कोल्हान विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों से लगभग 40 कार्यक्रम पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्घाटन पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता एवं कुलसचिव डॉ. रंजीत कुमार कर्ण उपस्थित रहे।स्वागत भाषण में कुलसचिव डॉ. रंजीत कुमार कर्ण ने सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए NSS गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम पदाधिकारी अपने-अपने महाविद्यालयों में NSS गतिविधियों को और अधिक सक्रिय रूप से संचालित करें।अपने संबोधन में माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने कहा कि NSS के माध्यम से शिक्षा, सामाजिक कार्य एवं सामाजिक जिम्मेदारियों को समाज से जोड़ा जा सकता है। उन्होंने विशेष रूप से कार्यक्रम पदाधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि “प्रत्येक NSS इकाई एक गांव को गोद लेकर वहां निरंतर विकास एवं जागरूकता संबंधी कार्य करे।” उन्होंने NSS के मूलमंत्र “Not Me But You” को आत्मसात करने का भी आह्वान किया। कुलपति ने इस आयोजन के सफल संचालन के लिए कार्यक्रम संयोजक सह NSS समन्वयक डॉ. मीनाक्षी मुंडा की सराहना भी की।वहीं, NSS क्षेत्रीय निदेशक श्री विनय कुमार ने अपने प्रस्तुतीकरण में झारखंड के NSS विंग को और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय को वार्षिक बैठक आयोजित करने के लिए बधाई देते हुए कहा कि राज्य में कई चुनौतियों के बावजूद NSS युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।

बैठक में Treasury Single Account (TSA) मोड के कार्यान्वयन, स्वयंसेवकों के आंकड़ों, वार्षिक कार्ययोजना, विशेष शिविर एवं कार्यक्रम पदाधिकारियों के प्रशिक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।दूसरे दिन आयोजित 6वीं NSS सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता डॉ. संजय कुमार सिंह ने की।

बैठक में कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त श्री रवि रंजन कुमार विक्रम के सचिव श्री अजय कुमार, NSS क्षेत्रीय निदेशक श्री विनय कुमार, विश्वविद्यालय एवं विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य तथा समिति सदस्य उपस्थित रहे।बैठक में NSS की गतिविधियों, युवा सहभागिता, सामाजिक जागरूकता अभियान, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास एवं विशेष शिविरों से संबंधित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी सत्र की कार्ययोजना एवं NSS को अधिक समाजोन्मुख बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर चर्चा हुई।इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं गैर-सरकारी संस्थाओं जैसे आदिवासी मित्र मंडल, PRADAN, ग्रामीण बाल विकास एवं महिला सशक्तिकरण तथा प्लान इंटरनेशनल (इंडिया चैप्टर) से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार साझा किए।कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम संयोजक सह NSS समन्वयक डॉ. मीनाक्षी मुंडा ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने में NSS की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसे पीजी भूविज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. जया जैक्लिन तिर्की ने प्रस्तुत किया।