नौकरी, अधिग्रहण के मुआवज़े, पानी, स्वास्थ्य व सुरक्षा के उठाए मुद्दे
यूसिल विस्थापितों के मुद्दे पर विधायक संजीव और उपायुक्त के बीच मैराथन बैठक
जमशेदपुर : पोटका विधायक संजीव सरदार ने मंगलवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से मुलाकात कर जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर लंबी बैठक की. इस दौरान उन्होंने यूसीआईएल नरवा पहाड़ विस्थापित कमिटी के सदस्यों के साथ बैठक कर रोजगार, पुनर्वास और अन्य समस्याओं पर चर्चा की. विधायक ने उपायुक्त को अवगत कराया कि हाल ही में विधानसभा सत्र के दौरान उनकी पहल पर विस्थापित समिति के सदस्य मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले थे. यूसीआईएल के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने राज्य के मुख्य सचिव के प्रतिनिधित्व का जिक्र करते हुए उपायुक्त से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द रिपोर्ट तैयार कर मुख्य सचिव को भेजें, ताकि अगली बोर्ड बैठक में नरवा पहाड़, तुरामडीह, जादूगोड़ा और बंधुघोड़ा माइंस के विस्थापितों के रोजगार जैसे अहम मुद्दों पर सहमति बनते हुए सकारात्मक निर्णय लिया जा सके.
बैठक में विधायक ने बागबेड़ा जलापूर्ति योजना को शीघ्र शुरू करने की मांग की, वहीं बागबेड़ा थाना को आदर्श थाना बनाने हेतु प्रस्ताव तैयार करने, हल्दीपोखर में पुलिस टीओपी निर्माण, गर्मी को देखते हुए सभी पंचायतों में टैंकर से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया. साथ ही घाघीडीह केंद्रीय कारा में खराब चापाकल की मरम्मत, पानी की वैकल्पिक व्यवस्था, शौचालय एवं स्नानघर के जीर्णोद्धार का भी मुद्दा उठाया. उन्होंने करनडीह में ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए 100 मीटर लंबा डिवाइडर बनाने तथा हाता से टाटानगर तक सडक़ के चौड़ीकरण एवं 4 लेन निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर जल्द कार्य शुरू करने का आग्रह किया.

