May 26, 2026

NEET Re-Exam 2026: नीट यूजी पुनर्परीक्षा 2026: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मुख्यमंत्रियों को लिखी चिट्ठी; हीटवेव के बीच निष्पक्ष परीक्षा और बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश

Screenshot_20260425_162736_WhatsAppBusiness

सर्च न्यूज: सच के साथ: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने 21 जून, 2026 को होने वाली नीट-यूजी (NEET-UG) 2026 की पुन: परीक्षा को सुचारू और निष्पक्ष रूप से आयोजित करने के लिए देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों, उपराज्यपालों और प्रशासकों को पत्र लिखा है। शिक्षा मंत्रालय ने सोमवार, 25 मई को यह जानकारी साझा की कि इस पत्र के माध्यम से सरकार ने परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से कराने के लिए राज्यों का सहयोग मांगा है।

देश के कई हिस्सों में पड़ रही प्रचंड गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए, शिक्षा मंत्री ने राज्यों से विशेष अपील की है कि वे परीक्षा केंद्रों पर छात्रों की सेहत और सुविधा का पूरा ध्यान रखें। उन्होंने निर्देश दिया है कि परीक्षा केंद्रों पर पीने के साफ पानी, पर्याप्त बैठक व्यवस्था, चालू हालत में पंखे या कूलर, और साफ शौचालयों जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके अलावा, धूप से बचने के लिए छायादार प्रतीक्षा क्षेत्रों और आवश्यकता पड़ने पर पोर्टेबल शौचालयों का भी प्रबंध करने को कहा गया है।शिक्षा मंत्री ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल पर भी जोर दिया है। उन्होंने अधिकारियों को जिला मजिस्ट्रेटों (DM) और पुलिस अधीक्षकों (SP) के साथ समन्वय बैठकें करने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी प्रकार की धांधली या पेपर लीक की आशंका को खत्म किया जा सके। पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति और छात्रों के लिए परिवहन की पर्याप्त व्यवस्था करना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी होगी।

गौरतलब है कि नीट-यूजी 2026 की पहली परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों और गंभीर अनियमितताओं के बाद रद्द कर दिया गया था। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए शिक्षा मंत्री ने घोषणा की है कि अगले साल से नीट-यूजी परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जा सकती है। फिलहाल, 21 जून को होने वाली इस पुन: परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 14 जून तक जारी किए जाने की उम्मीद है।

You may have missed