नुक्कड़ नाटक का मंच संचालन व टीमवर्क का महत्व जाना
‘युवा’ के दो दिवसीय प्रशिक्षण का समापन
जमशेदपुर : यूथ यूनिटी फॉर वालंटरी एक्शन (युवा) द्वारा संचालित ‘प्रिवेंटिंग टू चाइल्ड मैरिज एंड अर्ली यूनियन’ पहल के अंतर्गत हाता स्थित संस्था के कार्यालय में दो दिवसीय नुक्कड़ नाटक प्रशिक्षण का आयोजन हुआ. यह प्रशिक्षण विशेष रूप से किशोरियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया. प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नुक्कड़ नाटक की मूलभूत तकनीकों, प्रभावशाली अभिव्यक्ति, मंच संचालन, संवाद प्रस्तुति और टीमवर्क के महत्व के बारे में जानकारी दी गई. प्रशिक्षण सत्र का संचालन अनुभवी प्रशिक्षक विक्रम कुमार झा ने किया. उन्होंने प्रतिभागियों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक मुद्दों को सशक्त ढंग से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया. इस बात पर जोर दिया कि किशोरियां पूरे आत्मविश्वास, ऊर्जा और उत्साह के साथ अपनी बात समाज के सामने रखें.
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न अभ्यास सत्र आयोजित किए गए, जिनमें प्रतिभागियों ने समूह में मिलकर लघु नाटकों की तैयारी की और उनका प्रदर्शन भी किया. दो दिवसीय प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस कार्यक्रम ने उन्हें अपनी छिपी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने का अवसर प्रदान किया. प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के कार्यकर्ता अवंती सरदार, रीला सरदार, किरण सरदार और अरूप मंडल की अहम भूमिका रही.

