March 28, 2026

पदाधिकारी व कर्मी अपने दायित्वों का पालन समन्वय के साथ करें

IMG-20251227-WA0008

दंडाधिकारी व पुलिस को डीसी-एसएसपी की संयुक्त ब्रीफिंग, कार्यक्रम स्थल व रुट लाइन की समीक्षा

hemkund-public-school

जमशेदपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के आगामी 29 दिसम्बर को प्रस्तावित शहरागमन के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही है. इस क्रम में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय की संयुक्त अध्यक्षता में जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों तथा पुलिस बल की ब्रीफिंग हुई. इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रपति का कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण एवं उच्चतम प्रोटोकॉल से संबंधित है, ऐसे में सभी पदाधिकारी-कर्मी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं समन्वय के साथ करें. निर्देश दिया कि प्रोटोकॉल, सुरक्षा, समयबद्धता एवं आपसी समन्वय में किसी भी स्तर पर चूक नहीं होनी चाहिए. उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल, रूट लाइन, हवाई अड्डा/हेलिपैड, आवास स्थल, सभा स्थल, पार्किंग एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए. कहा कि सभी पदाधिकारी निर्धारित समय से उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की अंतिम जांच सुनिश्चित करें.
ब्रीफिंग में यह भी निर्देश दिया गया कि आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए यातायात प्रबंधन एवं वैकल्पिक मार्गों की जानकारी मीडिया माध्यमों से सार्वजनिक की जाएगी. बैठक में सभी वरीय दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे. जिला के वरीय पदाधिकारियों द्वारा आज कार्यक्रम स्थल, एयरपोर्ट एवं पूरे रूटलाइन का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया तथा सम्बन्धित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

सुरक्षा व विधि-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता : एसएसपी

एसएसपी पीयूष पांडेय ने कहा कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा एवं बेहतर विधि व्यवस्था का संधारण सर्वोच्च प्राथमिकता है. सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक स्वीकार्य नहीं होगी. सभी पुलिस पदाधिकारी प्रोटोकॉल के अनुरूप अनुशासन, सतर्कता एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें. वरीय पुलिस अधीक्षक ने रूट लाइन क्लियरेंस, एंटी-सबोटाज जांच, सीसीटीवी निगरानी, ट्रैफिक एवं रूट डायवर्जन, पास व्यवस्था एवं इंटेलिजेंस इनपुट को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया. कहा कि सभी पुलिस बल निर्धारित ड्रेस कोड एवं प्रोटोकॉल का अक्षरश: पालन करेंगे. किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने हेतु कंट्रोल रूम, क्विक रिस्पॉन्स टीम एवं मेडिकल इमरजेंसी यूनिट पूरी तरह सक्रिय रहेंगी.