March 13, 2026

पीजीटी शिक्षकों के हक में विधानसभा में गूंजी आवाज़

IMG-20260313-WA0005

● 12 वर्ष की सेवा पूरी करने के बावजूद लाभ से वंचित शिक्षकों को शीघ्र वरिष्ठ वेतनमान देने की मांग

जमशेदपुर : पोटका के विधायक संजीव सरदार ने झारखंड विधानसभा के सत्र के दौरान पीजीटी (+2) शिक्षकों के हितों से जुड़ा अहम मुद्दा उठाते हुए उन्हें समय पर वरिष्ठ वेतनमान देने की मांग की. शून्यकाल के माध्यम से उन्होंने स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया और कहा कि नियमावली के अनुसार पात्र शिक्षकों को उनका अधिकार मिलना चाहिए. विधायक संजीव ने सदन में कहा कि झारखंड +2 विद्यालय शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी नियुक्ति एवं सेवा शर्त नियमावली 2012 (संशोधित 2022) के अनुसार पीजीटी (+2) शिक्षकों को 12 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर वरिष्ठ वेतनमान दिया जाना है. उन्होंने बताया कि कई शिक्षकों की 12 वर्ष की सेवा जुलाई 2024 में ही पूरी हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अब तक वरिष्ठ वेतनमान का लाभ नहीं मिल पाया है.
विधायक सरदार ने सरकार से आग्रह किया कि नियमों के अनुरूप पात्र शिक्षकों को जल्द से जल्द वरिष्ठ वेतनमान का लाभ दिया जाए. उन्होंने कहा कि इससे न केवल शिक्षकों का मनोबल बढ़ेगा बल्कि शिक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी. सदन में इस मुद्दे को उठाए जाने के बाद शिक्षकों के बीच सकारात्मक उम्मीद जगी है कि सरकार इस पर जल्द निर्णय लेगी.

You may have missed