May 30, 2026

Ranchi HVAC Skilling And Internship Centre : रांची में एचवीएसी स्किलिंग एवं इंटर्नशिप सेंटर का शुभारंभ, रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण पर जोर

IMG-20260530-WA0006

सर्च न्यूज: सच के साथ: रांची : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयु राय ने कहा कि आज के दौर में युवाओं को हुनरमंद बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक है जब वह सतत और समावेशी हो तथा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर समाज और देश के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करे. रांची स्थित सत्येन्द्र नारायण सिन्हा एजुकेशनल ट्रस्ट परिसर, खूंटी रोड में आयोजित एचवीएसी (हीटिंग, वेंटिलेशन एंड एयर कंडीशनिंग) स्किलिंग एवं इंटर्नशिप सेंटर के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है. यदि किसी व्यक्ति के पास कौशल है, तभी वह बदलते समय की चुनौतियों का सामना कर सकता है. इसलिए प्रत्येक युवा को किसी न किसी क्षेत्र में दक्षता हासिल करनी चाहिए.कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी के कुलपति डी के सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा के साथ स्किलिंग का महत्व लगातार बढ़ रहा है. उन्होंने बताया कि इंजीनियरिंग, डिप्लोमा और आईटीआई पाठ्यक्रमों में एक सेमेस्टर विशेष रूप से स्किल डेवलपमेंट एवं इंटर्नशिप के लिए निर्धारित किया गया है. ऐसे में यह सेंटर विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण मंच साबित होगा, जहां वे आवश्यक व्यावहारिक प्रशिक्षण और इंटर्नशिप प्राप्त कर सकेंगे. ट्रस्ट के अध्यक्ष सुबोध कुमार ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ग्रीन एनर्जी, ऑटोमेशन और डिजिटल टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षित मानव संसाधन की मांग तेजी से बढ़ रही है. भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए युवाओं को उद्योग आधारित प्रशिक्षण और व्यावहारिक ज्ञान से लैस करना आवश्यक है. मौके पर भारतीय ग्रामीण विकास टोली के सदस्य सिद्धनाथ ने अपने अनुभव साझा की जबकि डाइकिन के प्रतिनिधियों ने एचवीएसी सेक्टर में रोजगार की बढ़ती संभावनाओं पर प्रकाश डाला. गौरतलब है कि अक्टूबर 2025 से शुरू किए गए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले बैच में 35 से अधिक विद्यार्थियों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया है, जबकि दूसरे बैच की शुरुआत शीघ्र होने जा रही है. इसी क्रम में अब आईटीआई, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग विद्यार्थियों के लिए विशेष “इंटर्नशिप स्किलिंग प्रोग्राम” भी प्रारंभ किया गया है.